फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Moradabad News ›   सड़क हादसे में अधिवक्ता समेत पांच की मौत

सड़क हादसे में अधिवक्ता समेत पांच की मौत

Moradabad  Bureau मुरादाबाद ब्यूरो
Updated Sun, 23 Jun 2019 02:25 AM IST
विज्ञापन
सड़क हादसे में अधिवक्ता समेत पांच की मौत
मुरादाबाद। जिले के अलग अलग थानाक्षेत्रों में हुए पांच सड़क हादसों में एक महिला सहित छह लोगों की मौत हो गई है। शनिवार को पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम करवाया और शवों को उनके परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है।
विज्ञापन


हादसा एक
भतीजी की शादी से चंद घंटे पहले ताऊ की मौत
मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र से चंद कदम दूर गांगन नदी के पुल पर शुक्रवार दोपहर एक आटो बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जिसकी भतीजी की शादी शुक्रवार की रात को ही थी। शादी से चंद घंटे पहले ही हुए इस दर्दनाक हादसे की वजह से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया, इसके बाद सादगी से विवाह का कार्यक्रम संपन्न हुआ। भतीजी की विदाई के बाद शनिवार को उसके फुफेरे ताऊ के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इस हादसे में चार अन्य सवारियां भी जख्मी हुई हैं।
विज्ञापन

लाकड़ी गांव में रहने वाले लाला राम (45) ठेला लगाकर छोले बेचने का काम करते थे। उनकी रिश्ते की भतीजी मीरा की शुक्रवार को शादी थी, बारात दिल्ली से आने वाली थी। परिवार वालों ने बताया कि लाला राम पाकबड़ा से कुछ सामान खरीदने के लिए गए थे। वहां से वापस लौटते वक्त गांगन पुल पर दोपहर बाद ही आटो पलट गया था, लालाराम आटो के नीचे दब गए थे। आटो में मीरा की चाची मंजू और लाला राम के भाई रूप किशोर भी बैठे थे। वह भी चोटिल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से आटो के नीचे से लालाराम को बाहर निकाला। लालाराम बेसुध थे, उनको मृत समझकर परिवार वाले घर ले गए। घर पहुंचने के बाद परिवार वालों को लगा कि लालाराम की सांसे चल रही हैं तो उनको उपचार के लिए अपेक्स अस्पताल पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। परिवार वाले लालाराम को लेकर टीएमयू अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने लालाराम को मृत घोषित कर दिया। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


परिवार का आरोप- जिंदा लालाराम को पुलिस ने बता दिया मृत
मुरादाबाद। लालाराम के भाई मेघ सिंह कश्यप का आरोप है कि जब हादसा हुआ तो वहां पर पहुंचे पुलिस वालों ने लालाराम को देखकर कह दिया कि इनमें सांस नहीं बची है, इनको घर ले जाओ। परिवार वालों ने पुलिस के कहने पर लालाराम को मृत समझ लिया और घर ले गए। जबकि घर पर अन्य लोगों ने देखा तो लालाराम की सांसें चल रही थी, आनन फानन में परिवार वाले उनको उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन इस दौरान करीब एक घंटे का समय लग गया। डॉक्टरों ने लालाराम को मृत घोषित कर दिया, आटो के नीचे दबने के कारण उनके सीने में चोट लगी थी। लालाराम के परिवार में बेटा मनोज, रोहित, विशाल और बेटियां राखी, कमलेश, रूमी है। उनकी पत्नी नन्ही की छह माह पहले ही बीमारी की वजह से मौत हो गई है।

ओवरलोड था आटो.. रफ्तार भी काबू में नहीं
मुरादाबाद। हादसे में जख्मी रूप किशोर ने बताया कि आटो पलटने की वजह उसका ओवरलोड़ होना है। इसके साथ ही आटो की रफ्तार भी काबू में नहीं थी। यही वजह है कि गांगन नदी के पुल पर जब सामने से बाइक सवार आया तो चालक आटो से अपना नियंत्रण खो बैठा और आटो पलट गया। स्थानीय पार्षद पति कपिल देव ने बताया कि हादसा मझोला थाने पास हुआ है। तय मानक से ज्यादा सवारियों को आटो में बैठाकर आटो चालक तेज रफ्तार में चलते हैं। वह थाने के सामने और कई चेकिंग प्वाइंटस से गुजरते हुए पाकबड़ा से स्टेशन रोड तक आते जाते हैं लेकिन यातायात पुलिस ऐसे आटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है।

आटो पकड़ा, पुलिस पर लगे आरोप की होगी जांच
मुरादाबाद। सीओ सिविल लाइन राजेश कुमार ने बताया कि गांगन नदी पर आटो पलटने के बाद अगर पुलिसवालों ने जिंदा लालाराम को मृत बता दिया तो इस संबंध में जांच करवाई जाएगी। पुलिस डॉक्टर तो है नही जो इस तरह से हादसे में जख्मी व्यक्ति की मृत्यु घोषित कर दे। इस मामले में आटो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आटो को पकड़ लिया गया है। चालक को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।



हादसा दो
फोटो समाचार
ट्रक से भिड़ी कार, अधिवक्ता
की मौत, हादसे में साथी जख्मी
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। गाजियाबाद से नैनीताल जा रही एक कार की टक्कर शनिवार सुबह हाईवे पर खडे़ टाटा 407 से हो गई। हादसा एनएच-24 पर कटघर थानाक्षेत्र में रामगंगा नदी के पुल के पास हुआ। जिसमें कार सवार अधिवक्ता की मौत हो गई, उसके तीन साथी जख्मी हो गए। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टाटा 407 और उसके चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित लाजपत नगर में रहने वाले अमित सिंह रावत (31) रहते थे। परिवार वालों ने बताया कि अमित सुप्रीम कोर्ट में वकालत करते थे। वह शुक्रवार की रात को अपने साथी मनीष, विक्की और पंकज के साथ नैनीताल जा रहे थे। एसएचओ कटघर अजीत सिंह ने बताया कि हाईवे पर रामगंगा पुल के पास टाटा 407 खड़ी थी, जिसमें रेलवे का माल लदा हुआ था। शनिवार सुबह चार बजे कार की टक्कर टाटा 407 से हो गई, उसमें आगे की सीट पर बैठे अधिवक्ता अमित सिंह रावत जख्मी हो गए। उनके तीनों साथी जख्मी हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार सवार युवक कार से बाहर हाईवे पर जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भर्ती कराया है, दो को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर अमित के परिवार वाले मुरादाबाद पहुंचे। अमित के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है।

हादसा तीन
फोटो समाचार
बस की टक्कर से बाइक सवार
युवक की मौत, तीन बच्चे जख्मी
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में मिनी बाइपास पर मैनाठेर की पुलिया के पास एक बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, बाइक पर बैठे उसके तीन बच्चे जख्मी हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
संभल के चंदौसी थानाक्षेत्र में रहने वाला रमेश चंद (35) मझोला के एकता कालोनी में रहता था। एक माल वाहक चलाकर परिवार का गुजर बसर करता था। शुक्रवार को रमेश के मौसेरे भाई मेघ सिंह की शादी का कार्यक्रम संभल में आयोजित था। शादी में शामिल होने के लिए रमेश अपने तीन बच्चों अंजली (15), अजय (12), छुटकुन (10) के साथ गया था। वहां से शनिवार सुबह रमेश अपने तीनों बच्चों के साथ बाइक से एकता कालोनी आ रहा था। जब वह मैनाठेर की पुलिया के पास पहुंचा तभी रोडवेज बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। बस छोड़कर चालक भाग गया। हादसे के विरोध में गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उनको समझाकर शांत किया। बस को कब्जे में लिया गया। घायल बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एसएचओ मझोला विकास सक्सेना ने बताया कि अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, उसकी तलाश की जा रही है।

एक बाइक पर चार सवारी.. लापरवाही पड़ी भारी
मुरादाबाद। बाइक पर रमेश चंद अपने तीन बच्चों के साथ सफर कर रहे थे। जबकि दोपहिया वाहनों पर तीन सवारियों को बैठाना भी यातायात के नियमों के खिलाफ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि रमेश चंद के सिर में चोट लगी थी, फेफडे़ भी फट गए थे। सिर में चोट लगने की वजह हेलमेट न लगाना माना जा रहा है।

हादसा चार
इनोवा की टक्कर से बाइक सवार की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
भोजपुर (मुरादाबाद)। भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुर के पास शुक्रवार की रात को इनोवा कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसके दो रिश्तेदार जख्मी हो गए। उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा बाइक सवारों के एक शादी समारोह में जाने के दौरान हुआ है।
भोजपुर के ग्राम गनेशपुर देवी निवासी हैदर अली (22) अपने रिश्तेदार इरशाद (18) निवासी अकबरपुर थाना भोजपुर के साथ बाइक पर सवार होकर शुक्रवार रात एक शादी समारोह में शामिल होनेे के लिए हमीरपुर गांव जा रहे थे। सिरसवां गौड़ के पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल डलवाकर आगे बढे़। रास्ते में ग्राम जैतपुर के पास उनको रिश्तेदार अकील निवासी सरदार नगर मिल गया। बाइक रोककर वह अपने रिश्तेदार अकील से बातें करने लगे। इसी बीच मुरादाबाद की दिशा से आ रही इनोवा कार ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों व ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी तथा घायलों को पास के ही फोटोन अस्पताल चकबेगमपुर भेज दिया । चिकित्सकों ने हैदर अली को हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिवार वाले हैदर अली को मेरठ ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।

हादसा पांच
हाईवे पर मिला महिला का शव, शिनाख्त नहीं
क्रासर
कुुं दरकी मामला, हादसे में मौत की आशंका
कुंदरकी (मुरादाबाद)। कुंदरकी थानाक्षेत्र में शनिवार सुबह मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर नानपुर गांव के पास 50 वर्षीय एक महिला का शव मिला। महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत सड़क हादसे में हुई है।
एसओ कुंदरकी कर्मपाल सिंह ने बताया कि शनिवार पुलिस को सूचना मिली कि हाईवे से सटे ग्राम नानपुर की आबादी के सामने ही सड़क दुुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई है। शिनाख्त के लिए ग्रामीणाें को बुलाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि कई दिन से महिला हाईवे के किनारे घूम रही थी। अंदेशा है कि रात्रि में किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। पुलिस की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
..............



हादसा - 06


फोटो समाचार

अपनी शादी कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की मौत
क्रासर
बाइक से गिरने के कारण हादसा, नहीं पहना था हेलमेट
तीन जुलाई को लगुन, सात को जानी थी बारात
अमर उजाला ब्यूरो
कुंदरकी (मुरादाबाद)। कुंदरकी थानाक्षेत्र में शनिवार शाम निर्माणाधीन बाईपास सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। युवक अपनी शादी का कार्ड बांटकर अपने तहेरे भाई के साथ वापस घर लौट रहा था। हादसे में युवक का तहेरा भाई जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम सतारन निवासी राजकुमार (22) की तीन जुलाई को लगुन आनी थी। सात जुलाई को चंदौसी के निकट कैथल को बारात जानी थी। शनिवार को राजकुमार अपने तहेरे भाई विशाल के साथ मुरादाबाद में रिश्तेदारों के यहां पर शादी के कार्ड बांटने गया था। देर शाम दोनों चचेरे तहेरे भाई बाइक से वापस लौट रहे थे। जब इनकी बाइक कुंदरकी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन बाईपास पर पहुंची, तभी रास्ते में सिंघल की फैक्ट्री के निकट बाइक मिट्टी के ऊंचे ढेर पर चढ़ कर गिर गई। बाइक से गिरने के कारण राजकुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। उसने हेलमेट नहीं लगाया था। विशाल के सिर और शरीर में काफी चोटें आई है। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजकुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर राजकुमार के पिता राजेन्द्र सिंह, मां विभा देवी, भाई जितेन्द्र, बहन राजकुमारी, रीना और स्वाति के अलावा परिवार वालों का रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed