मुरादाबाद। अयोध्या पर फैसले से पहले शहर में हाई अलर्ट है। कड़ी चौकसी बरती जा रही और जनता से भी सावधान रहने की अपील की जा रही है। इस बीच एक कॉलेज की महिला एसोसिएट प्रोफेसर के मोबाइल पर पाकिस्तान के नंबर से संदिग्ध व्यक्ति द्वारा कॉल की जा रही है। जिसकी वजह से खलबली मच गई। आरोपी के मोबाइल नंबर को ब्लॉक कर एसोसिएट प्रोफेसर ने महिला थाना पुलिस से शुक्रवार को शिकायत की है।
महिला एसोसिएट प्रोफेसर सिविल लाइन थानाक्षेत्र की एक कालोनी में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार रात को उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आई। महिला ने अनजान नंबर होने के कारण कॉल कट कर दी, इसके बाद जानकारी की तो पता चला कि कॉल पाकिस्तान के मोबाइल नंबर से की जा रही थी। आरोप है कि एक बार कॉल कट करने के बाद भी आरोपी बाज नहीं आया और उसने दो बार दोबारा वीडियो कॉल की, जिसकी वजह से उसका नंबर उन्होंने ब्लॉक कर दिया है। महिला को कॉल करने वाला व्यक्ति कौन है और क्यों फोन कर रहा था? इसका पता नहीं चल सका है। शुक्रवार को महिला थाना पहुंचकर महिला ने एसओ ज्योति सिंह को मामले की जानकारी दी। उन्होंने संदिग्ध मोबाइल नंबर के बारे में जानकारी करने की गुहार लगाई। जिससे की कॉल करने वाले व्यक्ति के मंसूबे का पता चल सके। साक्ष्य के तौर पर आरोपी का मोबाइल नंबर और कॉल डिटेल भी पुलिस को दिखाई गई। एसओ महिला थाना ने घरेलू हिंसा का मामला न होने के कारण इस मामले की जानकारी सिविल लाइन पुलिस से करने के लिए कहा है, जिससे की सर्विलांस सेल की मदद से आरोपी का पता किया जा सके।