बढ़ापुर के भाजपा विधायक पर पिटाई का आरोप: मुरादाबाद पुलिस दर्ज नहीं कर सकी मुकदमा, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मुरादाबाद के डिलारी में भाजपा विधायक सुशांत सिंह पर तीन युवकों को बंधक बनाकर पीटने के आरोप के बाद सियासत गरमा गई है। बसपा प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर एफआईआर दर्ज करने और सुरक्षा देने की मांग की। पुलिस तीन दिन बीतने के बाद भी केस दर्ज नहीं कर पाई है।
विस्तार
पूर्व सांसद सर्वेश सिंह के बेटे एवं बढ़ापुर से भाजपा विधायक सुशांत सिंह पर उनके रतूपुरा स्थित घर में तीन युवकों को बांधकर बेरहमी से पिटाई करने के आरोप में सियासत गरमा गई है। रविवार को बसपा नेताओं ने डिलारी जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और परिवार की ओर से दी गई तहरीर पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उधर, मुरादाबाद पुलिस अभी तक केस दर्ज नहीं कर पाई है।
उधर, इस परिवार से मिलने जा रहे सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव को पुलिस ने डिलारी बस स्टैंड पर रोक दिया। पुलिस के रुख के कारण उन्हें समर्थकों के साथ लौटना पड़ा। बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर डिलारी पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मल सिंह सागर, मंडल प्रभारी सतपाल सिंह कश्यप समेत कई बसपा पदाधिकारी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह से फोन पर बात की। इसके बाद बसपा नेता सीओ ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह और थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह से भी मिले। इस दौरान आरोपियों के खिलाफ एफआईआर और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की।
बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मल सागर ने बताया कि पुलिस ने उन्हें जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उधर, रविवार शाम करीब 6.30 बजे सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव, नवीन यादव, योगेंद्र सिंह यादव, अजय सैनी और अन्य समर्थकों के साथ डिलारी पहुंचे। पुलिस ने उन्हें बस स्टैंड पर ही रोक लिया। जयवीर सिंह यादव ने कहा कि वह डिलारी के पीड़ितों से मिलने जा रहे थे। पुलिस के समझाने पर वापसी का फैसला लेना पड़ा।
यह है मामला
डिलारी कस्बे में शांति कुंज निवासी ओमवती ने ठाकुरद्वारा थाने में तहरीर दी थी। तहरीर में महिला ने अपने बेटे रामू कश्यप को बढ़ापुर के विधायक सुशांत सिंह द्वारा रतूपुरा स्थित अपने आवास पर बुलाकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया था। तहरीर में कहा है कि डिलारी के ही लवीश कश्यप और अतुल कश्यप को भी विधायक के घर से सोने का कड़ा चुराने के आरोप में इसी तरह पीटा गया था।
गंभीर हालत के कारण रामू का काशीपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। शेष दो गांव में ही उपचाराधीन हैं। ओमवती की तहरीर में विधायक और उनके सहायक बबलू, उदयपाल, देवेंद्र, अर्जुन, अजय समेत कुछ अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।
भाजपा विधायक के दो करीबियों से पूछताछ
भाजपा विधायक सुशांत सिंह के घर में तीन युवकों को बांधकर बेरहमी से पिटाई करने के आरोपों की सच्चाई जानने के लिए पुलिस ने विधायक के दो करीबियों से पूछताछ की है। एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि इस मामले में जांच जारी है। पुलिस किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।