यूपी के भाजपा विधायक ने की क्रूरता!: 'रस्सी से बांध उल्टा लटकाया, बुरी तरह पीटा, करंट लगाया'; परिवार के आरोप
मुरादाबाद में भाजपा विधायक पर गंभीर आरोप लगे हैं। भाजपा विधायक पर तीन युवकों को बेरहमी से पीटने के आरोप हैं। पिटाई से एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। बढ़ापुर विधायक सुशांत सिंह पर तीन युवकों को अपने घर में बांधकर पीटने का आरोप लगा है। बृहस्पतिवार की शाम परिजनों ने थाने पर हंगामा किया था। शुक्रवार की सुबह तहरीर दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
विस्तार
पूर्व सांसद सर्वेश सिंह के बेटे एवं बढ़ापुर से भाजपा विधायक सुशांत सिंह पर उनके रतूपुरा स्थित घर में तीन युवकों को बांधकर बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। बताया जाता है कि विधायक के घर से सोने का कंगन चोरी हो गया था। इसकी तलाश घर के कर्मचारी करने लगे और काम करने वालों से पूछताछ शुरू कर दी।
इस दौरान अतुल कश्यप और लवीश कश्यप को बेरहमी से पीटा गया। इसी बीच रामू कश्यप को भी विधायक के लोग उठा लाए और पीटा गया। लगातार की गई पिटाई से रामू कश्यप की हालत बिगड़ने पर उसे काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। बाकी दो का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
परिवार वालों द्वारा दी गई तहरीर के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। डिलारी कस्बे के शांति कुंज निवासी ओमवती ने ठाकुरद्वारा थाने में तहरीर देकर बताया कि बुधवार (सात अक्तूबर) को उसके बेटे रामू कश्यप को बढ़ापुर के विधायक सुशांत सिंह के सहायक अर्जुन कुमार घर से बुलाकर ठाकुरद्वारा के रतूपुरा स्थित विधायक के घर (महल) ले गए।
रस्सी से बांधकर उल्टा लटकाया और पीटा
वहां पहले से मौजूद डिलारी निवासी लवीश और अतुल के साथ बेटे रामू कश्यप को विधायक और उनके सहायक बबलू, उदयपाल, देवेंद्र, अर्जुन, अजय समेत कुछ अन्य लोगों ने रस्सी से बांधकर उल्टा लटका दिया और बुरी तरह पीटा।
इससे उनके शरीर पर जख्म हो गए। इसके बाद आरोपियों ने करंट लगाया। महिला का आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने पर वह, उसका पति और अन्य परिजन बृहस्पतिवार (आठ अक्तूबर) को विधायक के घर गए तो आरोपियों ने कहा कि किसी से शिकायत की तो तुम्हें और तुम्हारे बच्चों को जान से मार देंगे।
गंभीर रूप से पिटाई और करंट लगाने से रामू की हालत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर रामू को पहले रतूपुरा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे काशीपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहीं, महिला की शिकायत है कि ठाकुरद्वारा थाने में दो दिन पहले तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
आरोपों पर विधायक ने बोलने से किया इन्कार
रामू की मां ओमवती की ओर से लगाए गए आरोपों के बारे में बढ़ापुर के विधायक सुशांत सिंह से उनका पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल फोन पर दो बार संपर्क किया गया। दोनों बार फोन उठाने वाले ने बताया कि विधायक दूसरी गाड़ी में हैं। गाड़ी रुकने पर विधायक से बात कराएंगे। बाद में विधायक ने इस मामले में कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।
जानकारी मिली है कि कुछ लोग रामू को अपने साथ विधायक के आवास ले गए थे। वहां उसकी पिटाई किए जाने का आरोप है। पूरे मामले की जांच सीओ ठाकुरद्वारा कर रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -कुंवर आकाश सिंह, एसपी देहात
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.