UP: मुरादाबाद जिले की 105 दुकानों पर साथ मिलेगी बीयर और अंग्रेजी शराब, भांग बेचने के लिए भी ई-लॉटरी से आवंटन
यूपी में नई शराब नीति के तहत मुरादाबाद जिले में 105 कंपोजिट दुकानों का ई-लॉटरी से आवंटन होगा। इसमें बीयर और अंग्रेजी शराब एक ही दुकान से मिलेगी। 17 से 27 फरवरी तक फीस जमा होगी और 6 मार्च को लॉटरी निकाली जाएगी। 1 अप्रैल से नई नीति लागू होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नई शराब नीति के तहत जल्द ही जनपद में एक ही दुकान से बीयर और अंग्रेजी शराब मिलने लगेगी। इसके लिए 105 दुकानों का आवंटन ई-लॉटरी के माध्यम से होगा। इसके कारण जिले में बीयर की 32 दुकानें बंद हो जाएंगी। इसके अलावा देसी शराब की 153, भांग की सात दुकानें और एक मॉडल शॉप का भी ई-लाॅटरी के जरिये ही आवंटन होगा।
इसके लिए रजिस्ट्रेशन शुक्रवार से शुरू हो गए। 17 फरवरी से फीस जमा की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र पाल ने बताया कि जनपद में अभी देसी शराब, अंग्रेजी शराब, बीयर, भांग की 293 दुकानें हैं, जबकि एक मॉडल शॉप है। हालांकि, नई शराब नीति के तहत दुकानों की संख्या घट जाएगी।
उन्होंने बताया कि नए सत्र में देसी शराब की 153, बीयर और अंग्रेजी शराब की 105 कंपोजिट दुकानें रहेंगी। लोग बीयर और अंग्रेजी शराब एक ही दुकान से खरीद सकेंगे। उन्होंने बताया दुकानों के आवंटन के लिए पंजीकरण शुरू हो गए हैं। रजिस्ट्रेशन कराने पर दुकानों की लिस्ट मिल रही है।
17 से 27 फरवरी तक फीस जमा की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि छह मार्च को सभी के सामने लॉटरी होगी। 11 मार्च को रुपये जमा किए जाएंगे। एक अप्रैल से नई शराब नीति के तहत दुकानों से शराब मिलेगी।
कंट्रोल रूम बनाया आबकारी निरीक्षक तैनात
जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र पाल ने बताया कि आबकारी नीति वर्ष 2025-26 के लिए आवेदकों को ई-लाॅटरी संबंधी पूछताछ के लिए कोई परेशानी न हो, इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। हेल्पलाइन नंबर 9454467065 भी जारी किया गया है।
इसमें पहले दिन आबकारी निरीक्षक जय प्रकाश सिंह सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, सूर्यकांत दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक और अरुण कुमार रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक तैनात रहेंगे। दूसरे दिन अरुण सुबह बजे से दोपहर 2 बजे तक, जय प्रकाश सिंह 2 बजे से रात 10 बजे और सूर्यकांत 10 बजे से छह बजे तक ड्यूटी पर रहेंगे।
नए लोगों को भी मिलेगा मौका
लंबे समय से कुछ लोगों ने ही जनपद की शराब की दुकानों पर अपना कब्जा कर रखा है। यह लोग अपनी राजनीतिक पहुंच और अधिकारियों से सांठगांठ करके दुकानों पर कब्जा कर रहे हैं लेकिन नई शराब नीति में एक व्यक्ति को पूरे प्रदेश में अधिकतम दो दुकानें ही मिल सकेंगी। इससे नए लोगों को ई-लॉटरी में भाग लेने का मौका मिलेगा।
दुकान का प्रकार फीस (₹)
देसी शराब की दुकान 60,000
कंपोजिट दुकान 85,000
मॉडल शॉप 90,000
भांग 25,000