मुरादाबाद: अवसाद में आई छात्रा ने दी जान, वह बोलती थी मुझे पिता के पास जाना है, इस घटना ने उसे झकझोर कर रख दिया
पिता की मौत के बाद अवसाद में आई मुरादाबाद के सिविल लाइंस निवासी दसवीं की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसके पिता की एक साल पहले हार्ट अटैक से मौत हुई थी। इसके बाद से ही छात्रा बात-बात पर पिता के पास जाने की बात कहती थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा दिया है।
विस्तार
मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पिता की मौत से अवसाद में आई दसवीं की छात्रा ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। एक साल पहले उसके पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। तब से किशोरी परेशान चल रही थी। वह बार बार बोलती थी कि उसे अपने पापा के पास जाना है। सोमवार शाम पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
आत्महत्या करने वाली सोलह वर्षीय किशोरी का परिवार मूलरूप से संभल जनपद के असमोली थाना क्षेत्र का निवासी है। किशोरी दसवीं कक्षा की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि एक साल पहले छात्रा के पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। तब से किशोरी अवसाद में चल रही थी। किशोरी अपनी मां दो भाइयों के साथ सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में किराये के मकान में रह रही थी। किशोरी का बड़ा भाई फर्म में काम करता है, जबकि छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है।
परिवार के लोगों का कहना है कि छात्रा अपने पिता की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई रही थी। वह बात-बात पर बोलती थी कि उसे अपने पिता के पास जाना है। रविवार को परिवार के सभी लोग बाहर गए थे। छात्रा घर में अकेली थी। इसी दौरान उसने दुपट्टे का फंदे बना लिया और पंखे से लटक गई।
रविवार शाम को बड़ा भाई घर लौटा तो बहन फंदे पर लटकी हुई थी। उसके शोर मचाने पर अन्य लोग भी आ गए। उन्होंने छात्रा को फंदे से नीचे उतारा और कॉसमॉस अस्पताल ले गए, जहां चिकित्कसों छात्रा को मृत घोषित कर दिया गया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है।