मुरादाबाद। संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने और एल-टू अस्पताल शुरू होने से रेमडेसिविर इंजेक्शन की खपत बढ़ गई है, लेकिन मांग पूरी नहीं हो पा रही है। जिले से भेजे गए पांच सौ के आर्डर पर सिर्फ दो सौ इंजेक्शन की सप्लाई मिली है। बाकी इंजेक्शन की सप्लाई मंगलवार तक होने की उम्मीद है। अप्रैल में अभी तक एल-टू अस्पताल और टीएमयू को 446 रेमडेसिविर इंजेक्शन की सप्लाई की जा चुकी है।
फेफड़ों में इंफेक्शन होने पर कोरोना के गंभीर मरीजों को सांस लेने में परेशानी होने लगती है। ऐसे मरीजों को वेंटिलेटर पर रखना पड़ता है। इन मरीजों को रेमडेसिविर इंजेक्शन लगाई जाती है। मरीजों को इसकी छह डोज लगाई जाती है। पहले दिन सुबह शाम लगाई जाती है। इसके बाद चार दिन तक एक टाइम इंजेक्शन लगाई जाती है। इसके साथ दूसरी दवाइयां भी दी जातीं हैं। अप्रैल में दोबारा एल-टू अस्पताल शुरू होने और संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने पर रेमडेसिविर इंजेक्शन की मांग बढ़ गई है। आठ अप्रैल को जिले से पांच सौ रेमडेसिविर इंजेक्शन की मांग भेजी गई थी, लेकिन सप्लाई दो सौ इंजेक्शन की ही हो पाई। अप्रैल माह में एल-टू अस्पताल को 168 और टीएमयू अस्पताल को 278 रेमडेसिविर इंजेक्शन भेजे जा चुके हैं। सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि रेमडेसिविर इंजेक्शन के आर्डर दिए गए हैं। आपूर्ति पूरी नहीं मिली है।