{"_id":"69b3105e402e9aff810dc7da","slug":"100-students-of-kundarki-went-on-an-informative-educational-tour-moradabad-news-c-307-1-smbd1005-106272-2026-03-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Moradabad News: कुंदरकी के 100 छात्रों ने किया ज्ञानवर्धक शैक्षिक भ्रमण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Moradabad News: कुंदरकी के 100 छात्रों ने किया ज्ञानवर्धक शैक्षिक भ्रमण
Fri, 13 Mar 2026 12:43 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
Updated Fri, 13 Mar 2026 12:43 AM IST
विज्ञापन
कुंदरकी। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत बृहस्पतिवार को कुंदरकी ब्लॉक के 100 मेधावी छात्र-छात्राओं को एक दिवसीय विज्ञान एक्स्पोजर विजिट पर ले जाया गया। छात्र-छात्राएं उत्साह के साथ पराग दुग्ध फैक्टरी पहुंचे, जहां मार्केटिंग ऑफिसर शिफा एवं प्रशासनिक अधिकारी आरके सिंह ने दूध संकलन, पाश्चुरीकरण, स्टेबलाइजेशन और होमोजेनाइजेशन जैसी वैज्ञानिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। बच्चों ने दूध से दही, पनीर, लस्सी और छेना बनने की प्रक्रिया को भी देखा। इस दौरान एआरपी हरीश तिवारी ने भी बच्चों को तकनीकी जानकारी दी। भ्रमण के अंत में बच्चों को छेना और खीर भी वितरित की गई। इसके बाद बच्चों को नया मुरादाबाद स्थित संविधान साहित्य वाटिका का भ्रमण कराया गया, जहां खंड शिक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ ने भारतीय संविधान के निर्माण और उसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय मिलक सीकरी के कक्षा 7 के दिव्यांग छात्र अनुराज ने संविधान पर अपने विचार प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। भ्रमण के दौरान बच्चों ने श्रीराम पार्क और हनुमान वाटिका का भी अवलोकन किया, जहां धार्मिक एवं सांस्कृतिक झलकियों को देखकर वे काफी उत्साहित दिखाई दिए। अंतिम चरण में बच्चों ने त्रिशूल वार मेमोरियल का बाहर से अवलोकन किया। वहां प्रदर्शित मिग विमान, टैंक और मिसाइल को देखकर बच्चों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। शैक्षिक भ्रमण में एआरपी हरीश तिवारी, पारुल राजपूत, भावना सिंह तथा शिक्षक जय कुमार, दीपक कौशिक, विपेंद्र, लव आनंद, मुन्नी सिंह, रेनु बाला, सादिक अली, सो सिंह, शांतनु, शिवा, ऋतु रानी आदि का विशेष योगदान रहा।
विज्ञापन