मिर्जापुर: घर से टहलने निकले डी-फार्मा के छात्र की पीट-पीटकर हत्या, दूसरे गांव में हुई घटना से तनाव
यूपी के मिर्जापुर जिले में गुरुवार तड़के एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई और शव को खेत में फेंक दिया गया। मृतक डी-फार्मा का छात्र था। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में युवक की दूसरे गांव में गुरुवार की सुबह आशनाई के शक में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने गांव में जमकर हंगामा किया। एएसपी सिटी व सीओ सदर ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस ने एक नामजद समेत दो अज्ञात पर मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपित को देर शाम गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र के कुरकुठिया बेलवरिया निवासी कृपाशंकर(24) पुत्र मंगला प्रसाद डी-फार्मा की तैयारी कर रहा था। वह नगर के अस्पताल मार्ग पर स्थित एक मेडिकल स्टोर में काम भी करता था। वह प्रतिदिन सुबह टहलने जाता था। गुरुवार की सुबह भी वह टहलने निकला था। इस दौरान किरतारतारा गांव में एक परिवार के लोगों ने उसे घेर लिया लाठियों से उसे पीटने लगे। यह देख उसके साथी उन्हें रोकने के लिए बढ़े तो हमलावरों ने उन्हें भी दौड़ा लिया।
खेत में मिला अधमरा
इस पर सभी भाग कर गांव आए और कृपाशंकर के परिजनों को बताया। कृपाशंकर के परिजन पहुंचे तो वह अधमरा खेत में पड़ा था। उसे पहले निजी अस्पताल फिर मंडलीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिटाई में उसके निजी अंगों पर भी हमला किया गया था। मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
आक्रोशित परिजनों ने गांव में हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दी। बाद में एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने लाल बहादुर और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। देर शाम को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
चार भाइयों में सबसे छोटा था कृपाशंकर
कृपाशंकर चार भाइयों में सबसे छोटा था। सबसे बड़ा भाई संजय सफाई कर्मी है। दूसरे नंबर पर दीपचंद्र लैब टेक्नीशियन और तीसरे नंबर पर दीपक मजदूरी करता था। तीनों भाइयों की शादी हो चुकी है। कृपाशंकर की शादी नहीं हुई थी।
एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि युवक प्रतिदिन टहलने जाता था। वह किरतारतारा गांव में जहां बैठता था, वहीं पर खेत में लालबहादुर का मकान था। प्रतिदिन घर के सामने बैठने से लालबहादुर को पत्नी से आशनाई का शक था। इसी के चलते उसकी पिटाई की थी। अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।