{"_id":"6a9ee06f3012cef4da006ac4","slug":"husband-murdered-in-collusion-with-lover-to-hide-extramarital-affair-three-arrested-including-the-wife-ratlam-news-c-1-1-noi1428-4699939-2026-09-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"एमपी: रतलाम में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, शव नाले के पास झाड़ियों में फेंका; तीन गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एमपी: रतलाम में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, शव नाले के पास झाड़ियों में फेंका; तीन गिरफ्तार
Mon, 07 Sep 2026 10:08 PM IST
रतलाम ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम
Published by: रतलाम ब्यूरो
Updated Mon, 07 Sep 2026 10:08 PM IST
सार
रतलाम के बोरदा में युवक भीमसिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। पत्नी ने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर सोते समय पति की हत्या की। शव नाले के पास फेंका गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
अपराध
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रतलाम जिले के सरवन थाना क्षेत्र की बड़दा पुलिस चौकी के ग्राम बोरदा में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी दूसरे युवक से प्रेम करती थी। पति को उनके प्रेम-संबंध की जानकारी हो गई थी। इसके बाद डरकर पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके एक साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
01 अप्रैल से लापता था युवक, 02 सितंबर को मिला शव
पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय भीमसिंह चरपोटा उर्फ भीमा पिता मनोहर चरपोटा निवासी ग्राम बोरदा 01 अप्रैल 2026 की दोपहर तीन बजे बाद से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच 02 सितंबर 2026 की सुबह उसका शव घर से कुछ दूरी पर स्थित नाले के पास झाड़ियों में मिला। उसकी गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे। घटना के बाद मृतक की पत्नी 30 वर्षीय ललिता कहीं चली गई थी। परिजनों ने पत्नी पर ही हत्या करने की आशंका जताई थी। सरवन पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
विज्ञापन
एसपी अमित कुमार के निर्देशन, एएसपी राकेश पंद्रो और विवेककुमार लाल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। दो दिन बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी ललिता को ग्राम गुड़भैड़ी से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी कहानी पुलिस को बता दी। उसने बताया कि उसने अपने प्रेमी 24 वर्षीय राकेश पिता जीवणा मईड़ा और उसके साथी 23 वर्षीय भूरा पिता सूरज डिंडोर, दोनों निवासी ग्राम रामपुरिया (सरवन), के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। इसके बाद पुलिस ने राकेश और भूरा को भी गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
पढ़ें: एक और ने तोड़ा दम, आंकड़ा 13 पहुंचा; 22 से 24 मौतों की सच्चाई पर कलेक्टर क्या बोलीं?
दो बार पहले भी की थी हत्या की कोशिश
पुलिस के अनुसार पूछताछ में ललिता ने बताया कि उसके और राकेश के बीच प्रेम-संबंध थे। करीब एक महीने पहले पति भीमा को इसकी जानकारी हो गई थी। पति को प्रेम-संबंध की जानकारी होने के बाद दोनों डर गए और उन्होंने भीमा की हत्या की साजिश रची। हालांकि, पहले उन्हें हत्या का मौका नहीं मिला।
ललिता के अनुसार 01 सितंबर को भीमा को जंगल में ले जाकर मारने की योजना थी, लेकिन उस दिन भी मौका नहीं मिला। भीमा दोपहर में घर आकर सो गया था। इसके बाद ललिता ने अपने प्रेमी राकेश को सूचना दी। राकेश अपने साथी भूरा के साथ दोपहर करीब ढाई से साढ़े तीन बजे के बीच उसके घर पहुंचा। भूरा घर के बाहर निगरानी करने के लिए खड़ा हो गया, ताकि कोई अंदर न आ सके। इसके बाद ललिता ने सो रहे पति भीमा पर कुल्हाड़ी से वार किए, जबकि राकेश ने उसके पैर पकड़ लिए। भीमा की मौत के बाद शव को बकरी बांधने वाले कमरे में डालकर दरवाजा बंद कर दिया गया।
गोबर से मिटाए खून के निशान, रात में शव ठिकाने लगाया
ललिता ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद राकेश और भूरा वहां से चले गए। उसने घर में गिरे खून के धब्बों वाली जगह को गोबर से लीप दिया। रात करीब 11 बजे राकेश और भूरा वापस घर आए। इसके बाद दोनों ने भीमा के पैर रस्सी से बांधे और शव को घर से करीब 200 फीट दूर नाले के पास झाड़ियों में ले जाकर फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मृतक के हाथ में पहना चांदी का कड़ा और कान में पहने सोने के फूल उतार लिए थे। इन्हें ललिता के जेवरों के साथ एक पोटली में रखकर खेत में एक स्थान पर छिपा दिया गया था। पुलिस ने जेवरों की पोटली जब्त कर ली है। इसमें मोबाइल फोन की एक सिम भी मिली है। पुलिस ने आरोपी राकेश और भूरा के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
