मिर्जापुर। बीएचयू के बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिण परिसर में नर्चरिंग लाइफ स्किल्स सेल की ओर से नर्चर नेचर : एक छात्र, एक पौधा, पक्षियों के लिए एक जलपात्र विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और पक्षियों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। प्रतिभागियों को एक-एक पौधा लगाने, नियमित रूप से देखभाल करने और विशेषकर गर्मी में पक्षियों के लिए जलपात्र रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पक्षियों के लिए मिट्टी के जलपात्र भी बांटे गए। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ, पौधों को पानी देना, पक्षियों के लिए बर्तन उपलब्ध कराना व पर्यावरण संरक्षण की शपथ जैसी गविधियां आयोजित की गईं। इससे छात्रों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित हो सके। इस अवसर पर आचार्य प्रभारी प्रो. बीएमएन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए परिसर को स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। अधिक संख्या में छायादार पौधे लगाने की आवश्यकता बताई, ताकि परिसर में हरियाली बढ़े, पर्यावरण संतुलन मजबूत हो। विद्यार्थियों और पक्षियों दोनों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो सके। उन्होंने अभियान में विद्यार्थियों के सक्रिय सहयोग, सहभागिता और जिम्मेदारीपूर्ण योगदान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। सभी से प्रकृति संरक्षण को एक सतत सामूहिक प्रयास के रूप में अपनाने का आह्वान किया। संचालन डॉ. अर्चना और डॉ. दीपिका कौर की ओर से संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर विभिन्न संकाय सदस्य प्रो. आशीष सिंह, डॉ. त्रियोगी नाथ, डॉ. त्रिभुवन नाथ, डॉ. राजीव कुमार आदि रहे। संचालन आयुष ने किया। स्वयंसेवकों के रूप में श्रृष्टि सैनी, सोहम मोदी, हर्षित द्विवेदी की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण व पक्षियों की सुरक्षा के प्रति सामूहिक रूप से शपथ ली। जिसमें उन्होंने पौधों की देखभाल करने और पक्षियों के लिए जल व भोजन उपलब्ध कराने का वचन दिया।