UP : नमक-रोटी कांड के बाद मिर्जापुर में चौंकाने वाला एक और मामला आया सामने, वीडियो वायरल; हेडमास्टर निलंबित
Mirzapur News : मिर्जापुर के हिनौता कंपोजिट विद्यालय का यह मामला काफी चर्चित हो रहा है। यहां मात्र दो लीटर दूध में 43 बच्चों में वितरित कर दिए गए थे। इस मामले की जब वीडियो बनाने की कोशिश की गई तो प्रधानाध्यापिका विरोध करने लगे। वीडियो वायरल होते ही बीएसए ने कार्रवाई कर दी।
विस्तार
मिर्जापुर के जमालपुर ब्लॉक के हिनौता कंपोजिट विद्यालय में चार दिसंबर को दो लीटर दूध 43 बच्चों में वितरित किया गया था। इस संबंध में वीडियो भी वायरल हो रहा है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद खंड शिक्षा अधिकारी से जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद बीएसए ने संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया है।
मध्याह्न भोजन में नमक-रोटी वितरित किए जाने की शिकायत के बाद दो लीटर दूध 43 बच्चों को पिलाने का ग्रामीणों ने हिनौता के कंपोजिट विद्यालय का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल किया।
ग्रामीणों की शिकायत का संज्ञान लेकर खंड शिक्षा अधिकारी जमालपुर देवमणि पांडेय ने मामले की जांच की। ग्रामीणों का कहना है कि चार दिसंबर को दो लीटर दूध 43 बच्चों में वितरित किया गया था। वीडियो बनाए जाने के दौरान जब उनको किसी मामले में फंसाने की धमकी मिली तो उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।
मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता खराब होने के मामले में लगाए गए आरोपों तथा जांच रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने प्रधानाध्यापक सरिता देवी को निलंबित कर दिया है। बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर वायरल वीडियो की जांच खंड शिक्षा अधिकारी जमालपुर से कराई गई है। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता खराब होने की बार-बार शिकायत होने पर इसे गंभीरता से लेते हुए हिनौता कंपोजिट विद्यालय की प्रधानाध्यापक सरिता देवी को निलंबित कर दिया गया है।
अनुपस्थित रहने पर प्रधानाध्यापिका निलंबित
बीएसए तथा टास्क फोर्स के निरीक्षण के दौरान बार-बार अनुपस्थित रहने मिलने पर छानबे ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय महोखर की प्रधानाध्यापिका मालिनी कुमारी को निलंबित कर दिया गया है। बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि शिक्षिका बार-बार अनुपस्थित मिल रही थीं। इसलिए उनको निलंबित कर दिया गया।