ड्रमंडगंज। जिले में सुदूर जंगल और पहाड़ के बीच स्थित आदिवासी बहुल बंजारी कला गांव से वाराणसी तक की यात्रा उपलब्ध कराने के लिए बृहस्पतिवार को यूपी रोडवेज की नियमित बस सेवा शुरू हो गई। नई बस सेवा की शुरू हो जाने से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। मकर संक्रांति के दिन बंजारी कला के प्रधान प्रतिनिधि संजय सिंह ने फीता काटकर बस को वाराणसी के लिए रवाना किया। इस दौरान ग्राम वासियों के बीच लोगों को बस का टाइम टेबल और रूट चार्ट की जानकारी देते हुए संजय सिंह ने बताया कि यह रोडवेज बस प्रतिदिन सुबह 6.30 बजे बंजारी कला से वाराणसी के लिए प्रस्थान करेगी। उन्होंने बताया कि पंवारी कला, गड़बड़ा पुल, रतेह चौराहा, ड्रमंडगंज, नैड़ी कठारी, बेलन बरौंधा, लालगंज, लहंगपुर होते हुए यह बस 9.30 बजे मिर्ज़ापुर पहुंचेगी। वहां से चलकर चील्ह घाट, औराई होते हुए यह रोडवेज बस 11.30 बजे वाराणसी कैंट डिपो पहुंचेगी। इस अवसर पर योगेंद्र सिंह, विनीत सिंह, डहरू कोल, छोटा कोल, कमलेश कोल, सुरसरि गुप्ता, महेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।