मिर्जापुर। भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया। राज्य सचिव कामरेड सुधाकर यादव ने भारतीय निर्यात पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ की निंदा की। कहा कि भारत एक स्वतंत्र देश है। हमें अपने राष्ट्रीय हित में स्वतंत्र व्यापार व विदेश नीति का अधिकार है।
उन्होंने मोदी सरकार से सवाल किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति रूस से हथियार और ऊर्जा खरीदने पर भारत पर 25 प्रतिशत दंडात्मक शुल्क लगाते हैं। भारतीय नागरिकों को ''अवैध प्रवासी'' कहते हैं और उन्हें जंजीरों में जकड़कर वापस भेजते हैं। मोदी सरकार हर भारत-विरोधी कदम का चुपचाप और कभी-कभी मुखर समर्थन करती रहती है। उन्होंने कहा कि भाकपा (माले) के देशव्यापी विरोध के तहत, हम ट्रंप के टैरिफ का विरोध करते हुए इसे रद्द करने की मांग करते हैं। सभा में भाकपा माले जिला सचिव कामरेड जीरा भारती, सुरेश बियार, बसंत कोल, राजाराम यादव, रविशंकर, मंजू कोल आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।