मिर्जापुर। मिशन कंपाउंड स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. राहुल राजभर ने कहा कि महोबा की बेटी को न्याय मिलना चाहिए। दलित छात्रा का अपहरण कर 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। उसके साथ दुष्कर्म और अमानुषिक व्यवहार किया गया। सरकार का कोई नुमाइंदा पीड़िता के घर नहीं पहुंचा। राहुल पत्रकारोंं से वार्ता कर रहे थे। कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है।
जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय राय पीड़िता का दुख साझा करने उसके घर जा रहे थे तो उन्हें रोकने की हर संभव कोशिश की गई, मगर वे पीड़िता के घर सांत्वना देने पहुंचे। इसके बाद उनके खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गया। हद तो तब हो गई जबकि उनकी संपत्ति की जांच की मांग की गई। आरोप लगाया कि आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी सरकार और उनके मंत्री और विधायक अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि उनका सारा सार्वजनिक जीवन खुली किताब की तरह है। अभी दो दिनों पूर्व ही आगरा नगर निगम ने प्राइवेट बिजली कंपनी टॉरेंट का 430 करोड़ रुपये माफ किया गया है। कहा कि सरकार को वाकई अगर भ्रष्टाचार को बेनकाब करना है और उनमें अगर साहस है तो अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति की जांच करा ले। यह पता चल जाएगा कि पिछले 9 सालों में कितनी लूट हुई है। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक उर्फ राजन, शिव शंकर चौबे, प्रवक्ता मिन्हाज अहमद छोटे खान, गुलाबचंद पांडेय, रमेश चंद प्रजापति पप्पू, राजधर दुबे आदि थे।