अहरौरा। विद्युत उपकेंद्र पर कंट्रोल रूम में लगे पैनल में तकनीकी खराबी आ जाने से शुक्रवार को रात करीब 10 बजे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इससे सभी चार फिडरों अहरौरा, अहरौरा नगर, बनइमिलिया, इमिलियाचट्टी इलाके में अंधेरा छा गया। आपूर्ति ठप होने से लोगों को पेयजल के संकट का सामना करना पड़ा। दूसरे दिन शनिवार को शाम सात बजे विद्युत आपूर्ति शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
शुक्रवार को रात करीब दस बजे पैनल में खराबी आने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते अहरौरा, अहरौरा नगर, बनइमिलिया से जुड़े इलाकों में बिजली गुल गई। शनिवार को सुबह बिजली नहीं आने से पानी भी नहीं आया। इसके चलते लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। पानी का संकट शाम तक बना रहा। लोग आसपास के हैंडपंप और लोगों के घरों में लगे सबमर्सिबल पंप से पानी लेने की कोशिश में जुटे रहे। बिजली नहीं आने से क्षेत्र में लगे कारखानों भी काम बंद रहे। चौक बाजार, सत्यानगंज, कोईरान बाजार, मल्लाही टोला, नई बाजार, खड़ंजा गोला पांडेय जी, गोला लाला, पट्टीकला, पट्टीखुर्द सहित पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। विद्युत निगम के अवर अभियंता पंचधारी बेस ने बताया कि खासडीह में स्थित उपकेंद्र में लगे पैनल में खराबी आने की वजह से विद्युत आपूर्ति बाधित रही। पैनल बनाने का काम चल रहा है। किसी तरह शनिवार को शाम सात बजे विद्युत आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।