मिर्जापुर: रेलवे अंडरब्रिज के नीचे मिली बम जैसी इलेक्ट्रानिक डिवाइस, तीन घंटे बंद रहा रेल परिचालन
प्रयागराज के मांडा और मिर्जापुर के जिगना थाने की सीमा पर स्थित पाली रेलवे अंडरब्रिज के नीचे रविवार की सुबह बम जैसी इलेक्ट्रानिक डिवाइस मिलने से हड़कंप मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रयागराज के मांडा और मिर्जापुर के जिगना थाने की सीमा पर स्थित पाली रेलवे अंडरब्रिज के नीचे रविवार की सुबह बम जैसी इलेक्ट्रानिक डिवाइस मिलने से हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर जा रहे रेलवे की-मैन ने डिवाइस देख कर अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर रेलवे और जिगना और मांडा के पुलिस अधिकारी पहुंचे।
बम की सूचना पर सुबह करीब साढ़े छह बजे रेल परिचालन को रोक दिया गया था। प्रयागराज से आई बम डिस्पोजल की टीम ने जांच के बाद इलेक्ट्रानिक डिवाइस में बारूद न होना बताया। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। तीन घंटे बाद साढ़े नौ बजे रेल परिचालन शुरू कराया गया।
बम की सूचना पर हड़कंप
रेलवे की-मैन अशोक कुमार व संतोष कुमार रविवार की सुबह पांच बजे अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। इस दौरान डेडिकेटेड फ्रेड कारिडोर (डीएफसी) ट्रैक के नीचे भूमिगत पुल में पश्चिम की ओर किनारे फुट मार्ग पर लाल रंग की बम जैसी इलेक्ट्रानिक डिवाइस नजर आई। की-मैन ने इसकी सूचना आरपीएफ और पीडब्ल्यूआई इंद्रजीत को दी। मौके पर पहुंचे रेलवे के अधिकारियों ने पुलिस और रेलवे के उच्चाधिकारियों को सूचना दी। बम की सूचना पर हड़कंप मच गया।
पढ़ें: वाराणसी एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट: गणतंत्र दिवस के मद्देनजर बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था, 30 तक नहीं बनेंगे विजिटर पास
साढ़े छह बजे ट्रेन संचालन को बंद कर दिया गया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। आरपीएफ, जिगना, विंध्याचल, मांडा पुलिस और सीओ लालगंज मौके पर पहुंच कर बैरिकेडिंग कर पाली-हरगढ़ प्रवेश मार्ग को बंद कर दिया। सुबह 8:50 पर अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में आए बम निरोधक दस्ते और डाग स्क्वॉड ने जांच की।
आधे घंटे में स्पष्ट हो गया कि बम जैसी दिखने वाली इलेक्ट्रानिक डिवाइस में बारूद नहीं है। टीम तार को अलग करने के बाद उसे अपने साथ ले गई। बम न होने की पुष्टि के बाद साढ़े नौ बजे ट्रेन परिचालन शुरू किया गया। चर्चा रही कि अंडरब्रिज में उर्दू में लिखा कोई पत्र मिला है लेकिन पुलिस के मुताबिक उसे ऐसा कोई पत्र नहीं मिला है।
पीडीडीयू से प्रयागराज तक रुकी रहीं कई ट्रेनें
अंडरब्रिज के नीचे बम जैसी इलेक्ट्रानिक डिवाइस मिलने पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया था। इसके कारण प्रयागराज से पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन तक कई ट्रेनें रुकी रहीं।
सूचना मिलने पर साढ़े छह बजे ट्रेन परिचालन रोका गया था।
नंदन-कानन एक्सप्रेस को गैपुरा, मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर क्षिप्रा एक्सप्रेस (22912) अप लाइन पर रोकी गई थी। क्षिप्रा छह बजकर 38 मिनट पर आई थी। वह प्रयागराज जा रही थी। इस ट्रैक को नौ बजकर 20 मिनट पर रवाना किया गया। प्रयागराज में मगध एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस रुकी थी। इनको डाउन लाइन पर रोका गया था।
पीडीडीयू नगर में कालका एक्सप्रेस अप लाइन पर रुकी थी। विंध्याचल में पटना से कुर्ला जा रही पटना-कुर्ला एक्सप्रेस को सुबह छह बजे प्लेटफार्म नंबर तीन पर रोक दिया गया था। जांच के बाद सवा नौ बजे ट्रेन को रवाना किया गया। इसी तरह प्रयागराज और पीडीडीयू रेलवे के बीच अलग-अलग स्टेशन पर कई ट्रेनें रुकी रहीं।