Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Will Sheikh Hasina Be Arrested If She Returns to Bangladesh Extradition Demand to India december Return

बांग्लादेश लौटते ही शेख हसीना होंगी गिरफ्तार?: भारत से प्रत्यर्पण की मांग, दिसंबर में वापसी के एलान से तनाव

Mon, 23 Nov 2026 11:14 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ढाका
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ढाका Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Mon, 23 Nov 2026 11:14 PM IST
सार

बांग्लादेश ने साफ कहा है कि शेख हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। ढाका भारत से प्रत्यर्पण संधि के तहत उन्हें वापस भेजने की मांग कर रहा है। दिसंबर में हसीना की वापसी की योजना से वहां हिंसा और राजनीतिक तनाव बढ़ा है। लेकिन क्या भारत प्रत्यर्पण की मांग मानेगा? क्या हसीना की वापसी से बांग्लादेश में हालात और बिगड़ेंगे? इसका असर दोनों देशों के रिश्तों पर कितना पड़ेगा? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...

विज्ञापन
Will Sheikh Hasina Be Arrested If She Returns to Bangladesh Extradition Demand to India december Return
हसीना की वापसी की मांग से बांग्लादेश में क्यों भड़की हिंसा? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में देश वापसी की योजना ने वहां राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने साफ कर दिया है कि अगर हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। सरकार भारत से भी उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। बांग्लादेश की विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा है कि भारत को दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद प्रत्यर्पण संधि का सम्मान करते हुए हसीना को वापस भेजना चाहिए। इस बयान के बाद भारत-बांग्लादेश संबंधों और हसीना की वापसी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

विज्ञापन


बांग्लादेश लौटने पर शेख हसीना के साथ क्या होगा?
विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि शेख हसीना जैसे ही बांग्लादेश में प्रवेश करने की कोशिश करेंगी, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद उन्हें जेल भेजा जाएगा और कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश चाहता है कि भारत प्रत्यर्पण संधि का पालन करे और हसीना को वापस भेजे। हसीना अगस्त 2024 में देश छोड़कर भारत आ गई थीं। उस समय बांग्लादेश में उनके इस्तीफे की मांग को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। इन प्रदर्शनों के कारण उनका लंबे समय से चला आ रहा शासन समाप्त हो गया था। हसीना ने दिसंबर में वापसी की तैयारी के तहत नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए आवेदन किया था, लेकिन बांग्लादेश सरकार ने उनकी मांगें खारिज कर दीं। बांग्लादेश में हसीना को मौत की सजा सुनाई जा चुकी है और उनकी पार्टी अवामी लीग पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
विज्ञापन


भारत से प्रत्यर्पण की मांग क्यों कर रहा है ढाका?
बांग्लादेश सरकार का कहना है कि भारत के साथ पहले से प्रत्यर्पण संधि मौजूद है और नई दिल्ली को उसके तहत हसीना को वापस भेजना चाहिए। शमा ओबैद ने कहा कि बांग्लादेश भारत के साथ संतुलित संबंध चाहता है, लेकिन इसमें देश की गरिमा, आत्मसम्मान और हितों से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने भारत से अपनी बांग्लादेश नीति पर दोबारा विचार करने की बात भी कही। हालांकि, भारत के विदेश मंत्रालय ने इस ताजा बयान पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इससे पहले अप्रैल में भारत ने कहा था कि वह बांग्लादेश की प्रत्यर्पण मांग की जांच कर रहा है। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि हसीना को लाने के लिए विमान भेजने को लेकर भारत के साथ कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


हसीना की वापसी की मांग से बांग्लादेश में क्यों भड़की हिंसा?

  • अवामी लीग ने इसी महीने शेख हसीना की वापसी के समर्थन में एक सप्ताह तक प्रदर्शन और रैलियां करने का एलान किया था।
  • इन प्रदर्शनों का समापन 19 नवंबर को देशव्यापी बंद के रूप में हुआ।
  • पिछले 10 दिनों में कम से कम 28 जिलों में देसी बम धमाकों और वाहनों में आगजनी की दर्जनों घटनाएं सामने आई हैं।
  • इन घटनाओं में कई पुलिसकर्मी और आम नागरिक घायल हुए हैं।
  • शमा ओबैद ने हिंसा को अवामी लीग की राजनीतिक अस्तित्व बचाने की कोशिश बताया।
  • वहीं, अवामी लीग के वरिष्ठ नेता खालिद महमूद चौधरी ने मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था को हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया।


रोहिंग्या शरणार्थियों की वापसी के मुद्दे पर बांग्लादेश को क्या उम्मीद?
शेख हसीना के प्रत्यर्पण के अलावा बांग्लादेश म्यांमार पर भी रोहिंग्या शरणार्थियों की सुरक्षित वापसी के लिए दबाव बढ़ा रहा है। अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने 2017 में म्यांमार के सुरक्षा बलों की ओर से रोहिंग्या समुदाय के लोगों की हत्या और बड़े पैमाने पर यौन हिंसा को राज्य प्रायोजित नरसंहार करार दिया है। बांग्लादेश की मंत्री ने कहा कि इस फैसले से रोहिंग्या समुदाय और बांग्लादेश को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की ताकत मिली है। उन्होंने कहा कि रोहिंग्या लोगों को सम्मान और सुरक्षा के साथ अपने घर लौटने का अधिकार है। फिलहाल करीब 12 लाख रोहिंग्या बांग्लादेश में रह रहे हैं। उनकी वापसी की कई कोशिशें नाकाम रही हैं। म्यांमार में जारी गृहयुद्ध और रखाइन राज्य के बड़े हिस्से पर अराकान आर्मी के नियंत्रण के कारण भी वापसी मुश्किल बनी हुई है। म्यांमार ने कहा है कि रोहिंग्या की वापसी तभी संभव होगी, जब हालात अनुकूल होंगे। बांग्लादेश ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से म्यांमार और अराकान आर्मी पर दबाव बढ़ाने की अपील की है।



क्या भारत-बांग्लादेश संबंधों पर पड़ेगा इसका असर?
शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग और उनकी वापसी को लेकर बांग्लादेश में बढ़ता तनाव भारत के लिए भी अहम है। ढाका एक ओर भारत के साथ संतुलित संबंध बनाए रखने की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रत्यर्पण संधि के पालन पर जोर दे रहा है। बांग्लादेश की मंत्री ने कहा कि उनका देश इस संकट के लिए जिम्मेदार नहीं है और म्यांमार को ही इसका समाधान करना होगा। इस पूरे घटनाक्रम में दो बड़े मुद्दे सामने हैं। पहला, भारत शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग पर क्या रुख अपनाता है। दूसरा, बांग्लादेश में उनकी वापसी की मांग को लेकर जारी राजनीतिक तनाव और हिंसा किस दिशा में जाती है। इन दोनों मामलों का असर भारत-बांग्लादेश संबंधों पर पड़ सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed