फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mirzapur News ›   Data will also be available free with packet flour: Akhilesh Yadav

पैकेट वाले आटा के साथ डाटा भी फ्री मिलेगा : अखिलेश यादव

Thu, 30 May 2024 03:09 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Thu, 30 May 2024 03:09 AM IST
विज्ञापन
Data will also be available free with packet flour: Akhilesh Yadav
मिर्जापुर। भाजपा वाले राशन में नमक, रिफाइंड, चना दे रहे थे, अब नहीं दे रहे हैं। राशन में कटौती कर दी है। सपा और इंडी गठबंधन ने तय किया है कि आने वाले समय में सरकार बनेगी तो न सिर्फ राशन की गुणवत्ता बढ़ाएंगे, बल्कि मात्रा भी बढ़ाएंगे। जो संविधान बदलना चाहते हैं, उनको जनता बदल देगी। भाजपा को ईमानदार पसंद नहीं हैं। भाजपा को वो लोग पसंद है जो मिर्जापुर तथा सोनभद्र को खोदकर-खोदकर ले जा रहे हैं। जो कहते थे कि न खाएंगे और न खाने देंगे उन्होंने ऐसा खाया कि अब डकार भी नहीं ले रहे हैं।
विज्ञापन


ये बातें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बरकछा कला में पार्टी प्रत्याशी रमेश बिंद के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि 69 हजार शिक्षक जो लड़ाई लड़ रहे हैं, उनके साथ आरक्षण का जो भेदभाव हुआ है, उनको न्याय मिलेगा। शिक्षा मित्र को सम्मान का वेतन मिलेगा। उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर दो गुना करने का भरोसा दिया।अखिलेश ने मनरेगा मजदूरी 200 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये करने का भी भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि यह संविधान बचाने का चुनाव है। 400 पार का नारा देने वाले वाले संविधान को बदलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सपा ने समाजवादी पेंशन दी। बालिकाओं को पढ़ने के लिए 30 हजार रुपये दिए। अब गरीब परिवार की मां और बहनों के खाते में पैसा पहुंचेगा खटाखट, खटाखट, खटाखट। बेईमान लोग पैसे डकार गए डकाडक।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि जो लोग 400 पार कहते थे, वो उदास हो गए हैं, क्योंकि वो 400 सीट हारने जा रहे हैं। इनका ये 400 का नारा हमें बाद में समझ आया। कहा कि 400 के पार 543 में से 143 सीटें बचीं। देश की 140 करोड़ जनता इन्हें 140 सीट के लिए भी तरसा देगी। पश्चिम से जो चला हवा चली थी, उसी ने माहौल बना दिया। माहौल ऐसा बना है कि जनता का गुस्सा सांतवें चरण में सांतवें आसमान पर पहुंच गया है। भाजपा वालों ने पिछले 10 साल में नौकरी छीनने का रिकाॅर्ड बनाया है। सपा इस बार नौकरी देने का रिकाॅर्ड बनाने जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि अच्छे दिन तो नहीं आए, परंतु चार जून को भाजपा हारेगी तो सुनहरे दिन और खुशियों के दिन आएंगे। संकट के दिन खत्म होने वाले हैं। सोचा था मिर्जापुर में बहुत विकास हुआ होगा। 10 साल में न कारखाने लगे और न ही रोजगार मिला। प्रधानमंत्री ने चिमनी से धुआं निकालने की बात कही थी, परंतु धुआं नहीं निकला। कहते हैं मिर्जापुर में पुश्तैनी काम होता है, उनके लिए योजना बनाई है। कोई योजना बनी हो तो बताओ। लग रहा इस बार मिर्जापुर के लोग उनके नीचे से काॅरपेट खींचने वाले हैं। जो लोग परिवारवाद की बात करते थे, उसी परिवार का तो यहां भी राज कर रहा।
अखिलेश ने कहा कि जो 100 नंबर की गाड़ी पुलिस की चलती थी, उसे खराब किया। जब से 100 से 112 किया तो पुलिस के भाइयों ने भी रेट बढ़ा दिया। जो बड़े-बड़े मेडिकल काॅलेज बने, वहां इलाज नहीं हो रहा है। प्रधान सांसद ने जो गांव गोद लिया, अब वह किसी को याद नहीं है। यहां की सांसद ने भी गांव गोद लिया होगा। वहां हालात नहीं बदले। प्रधानमंत्री ने मां गंगा का नाम लेकर नदी साफ करने के लिए कहा था। मां गंगा तो साफ नहीं हुईं परंतु सफाई के लिए जो पैसा आया था वो सरकार ने साफ कर लिया। मिर्जापुर में तो अलग तरह का भ्रष्टाचार चल रहा है। रास्ता बदल कर जाना पड़ रहा है। वसूली के लिए रास्ता बदलना पड़ रहा है। अखिलेश ने कहा कि 30 लाख खाली पड़ी सरकारी नौकरियों में आरक्षण देकर नौजवानों का भाग्य बनाएंगे। इस सरकार में नौकरी के लिए जितनी परीक्षा कराई, सबमें पेपर लीक हो गए। इसका गणित लगाएं तो पेपर लीक के चलते तमाम लोगों को नौकरी नहीं मिली। 60 लाख बच्चों का सरकार ने पेपर लीक के कारण भविष्य खतरे में डाला है। उन नौजवानों और उनके माता-पिता को जोड़ दें तो प्रदेश में एक करोड़ 80 लाख लोग इस सरकार से नाराज हैं। इस एक करोड़ 80 लाख को 80 लोकसभा से भाग दे दें तो हर लोकसभा में दो लाख 25 हजार वोट कम हो गए। ये पेपर लीक नहीं हुआ, बल्कि नौकरी न देना पड़े, इसलिए पेपर लीक कराया। बुलडोजर चलाने वाले ने पेपर लीक करने वालों पर बुलडोजर नहीं चलाया। इन लोगों ने खाद की बोरी से भी चोरी की। 10 साल में 10 किलो चोरी की। ये चोरी इन लोगों ने पारले जी बिस्किट के पैकेट से सीखा है। पहले पारले जी बिस्किट का पैकेट बड़ा था। महंगाई बढ़ी तो पैकेट छोटा हो गया। पांच बिस्किट का पैकेट हो गया। ये सरकार में रहे तो बिस्किट पैकेट में पांच की जगह चार रहेगा। जरूरत की चीज महंगी हुई। डीजल, पेट्रोल तथा गैस सिलिंडर सब महंगे हो गए। बाइक और दवाई महंगी हो गई। पहले बुखार 500 एमजी की दवा से ठीक हो जाता था। अब भाजपा सरकार में डाॅक्टर 650 एमजी की गोली देता है, फिर भी बुखार ठीक नहीं होता है। इन लोगों ने इलेक्ट्रोरल बांड लेकर भ्रष्टाचार किया। चंदा हजारों व लाखों में मिलता है। कोई हजार करोड़ चंदा नहीं देता है। आजादी के बाद किसी राजनीतिक दल ने इतना बड़ा भ्रष्टाचार नहीं किया होगा, जैसा भाजपा ने इलेक्ट्रोरल बांड से किया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली वाले मनमर्जी वाले हैं। जो कुछ दिन पहले मनमर्जी वाली बातें करके गए होंगे। न जाने कितनी बार मन की बात सुनाई है, लेकिन अब उनकी मन की बात कोई नहीं सुनना चाहता है। अब काम की बात और संविधान की बात होगी। भाजपा वालों ने हर वादा झूठा किया। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। फसल की कीमत नहीं मिली। जिस तरह से महंगाई बढ़ी है, किसान संकट में चले गए। भाजपा वालों ने 10 साल में बड़े उद्योगपतियों, कारोबारियों तथा मित्र मंडली के 25 लाख करोड़ माफ किए। किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। नियम बना दिया कि जिसका कर्ज पांच करोड़ से अधिक होगा, उसका कर्ज माफ होगा, परंतु गरीब किसान जिसका लाख व हजार में कर्ज है, उसका माफ नहीं हुआ। चार जून के बाद सरकार बनने जा रही है। किसानों का कर्ज माफ करने का फैसला होगा। कानूनी अधिकार दिलाकर लाभकारी मूल्य व एमएसपी दिलाया जाएगा। लोकसभा के प्रधान सांसद का भाषण सुना होगा। वो कहते हैं भारत माता की जय, लेकिन सोचो जो नौजवान फौज के लिए तैयारी करते हैं, एक दिन फौज की पक्की नौकरी मिलेगी तो सीमा की सुरक्षा करेंगे, परंतु सरकार फौज की उस नौकरी को खत्म करके अग्निवीर योजना ले आई है। आने वाले समय में फौज की नौकरी बढ़ेगी, नौजवानों को पक्की नौकरी मिलेगी। अग्निवीर योजना समाप्त होगी।

इस दौरान लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी रमेश बिंद, पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया, बाबू सिंह कुशवाहा, ललितेशपति त्रिपाठी, उदयवीर सिंह, परवेज खान, जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी, प्रभावती देवी, शिवशंकर यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवकुमार सिंह पटेल, भगौती चौधरी, कीर्ति कोल, राजेश भारती, सतीश मिश्रा, आकाश यादव, जीरा भारती, धीरेंद्र सिंह, रुक्मणि निषाद आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed