चील्ह। स्थानीय थाना क्षेत्र के पुराने बाड़ा गांव निवासी ऑटो चालक कल्लू के पास से लगभग दो लाख रुपये का कीमती सामान बरामद कर चील्ह पुलिस ने यात्री को सौंप दिया। अपना खोया हुआ सामान पा कर यात्री के परिजन खुशी से फूले नहीं समा रहे थे।
लगभग 20 दिन पूर्व पंकज कुमार तिवारी पुत्र रामकृपाल तिवारी निवासी ग्राम रम्मी पट्टी थाना कोतवाली देहात अपने अस्थाई घर से वापस आ रहे थे कि उनका सामान आटो में छूट गया था। काफी प्रयास के बाद जब आटो चालक का जब कहीं पता न चला तो उन्होंने मामले की जानकारी चील्ह पुलिस को दी। मिली तहरीर के आधार पर काफी तलाश के बाद अंतत: आटो चालक की तलाश कर चील्ह पुलिस ने शनिवार को सामान को वापस कराया। सामान में लाखों रुपये के जेवरों में सोने का मंगलसूत्र, कान का झुमका, सुई धागा, मांग टिका, नथिया, चांदी की करधनी, हेयर क्लिप, हाथ का कंगन, चांदी का सिक्का, पान सुपारी, बिछिया, साथ में श्रृंगार का सामान तथा एक मोबाइल टैबलेट शामिल रहा। अपना खोया हुआ सामान पाकर परिजन खुशी से फूले नहीं समा रहे थे।