Mirzapur: पुलिस चौकी में प्रभारी के सामने चौकीदार ने किया आत्मदाह, महिला से छेड़खानी का लगा था आरोप
मिर्जापुर जिले के गैपुरा पुलिस चौकी में शनिवार को चौकी प्रभारी के सामने ही एक चौकीदार ने खुद को आग लगा लिया। घटना में गंभीर रूप से झुलसे चौकीदार को रेफर कर दिया गया है। एक युवक ने अपनी मां से छेड़छाड़ को लेकर चौकीदार के खिलाफ तहरीर दी थी।
विस्तार
यूपी के मिर्जापुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा पुलिस चौकी परिसर में चौकी प्रभारी के सामने ही एक चौकीदार ने खुद आग लगा लिया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक चौकीदार काफी ज्यादा झुलस चुका था। आननफानन उसे मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर निवासी सुरेश उर्फ संतोष (42) गैपुरा चौकी में चौकीदार है। उस पर एक युवक ने आरोप लगाया था कि सुरेश उसकी मां को परेशान करता है। इसी को लेकर गैपुरा चौकी प्रभारी ने दोनों पक्ष को बुलाया था। बातचीत कर सुलह होने के बाद चौकीदार महिला का आधार कार्ड लेने उसके घर गया।
पुलिस ने लिया चौकीदार का बयान
चौकीदार लौटकर गैपुरा पुलिस चौकी आया तो हाथ में पेट्रोल से भरा एक बोतल था। चौकी में मौजूद लोग कुछ समझ पाते इससे पहले चौकीदार ने पेट्रोल को खुद पर उड़ेल लिया और माचिस जला ली। आग लगते ही हड़कंप मच गया। चौकी में मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसे चौकीदार को आननफानन मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान ही पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। मंडलीय अस्पताल से रेफर कर दिया गया।
युवक ने लगाए थे ये आरोप
सूचना पाकर सीओ सिटी परमानंद कुशवाहा मंडलीय अस्पताल पहुंचे। सीओ सिटी परमानंद कुशवाहा ने बताया कि एक गांव निवासी एक युवक ने पुलिस चौकी में तहरीर दी थी। आरोप लगाया था कि गैपुरा चौकी का चौकीदार उसकी मां को परेशान करता है। फोन करता है। मिलने के लिए बुलाता है। ना मिलने पर ध्यान से मारने की धमकी देता है।
मामले को लेकर चौकी प्रभारी ने दोनों पक्ष को चौकी पर बुलाया था। सुलह समझौता होने के बाद महिला ने बताया कि उसका आधार कार्ड सुरेश के पास है। जिसके बाद चौकी प्रभारी ने उसे आधार कार्ड लाने को कहा। आधार कार्ड लेकर आते समय चौकी के बाहर सुरेश ने आग लगा लिया और चौकी के अंदर चला आया। पुलिसकर्मियों ने आग बुझाकर उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।