यूपी: मिर्जापुर और सोनभद्र सहित प्रदेश में 12 जगहों पर बनेंगी एटीएस की शाखाएं
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि अवध क्षेत्र में श्रीवस्ती व बहराइच और मेरठ, अलीगढ़, ग्रेटर नोएडा (जेवर एयरपोर्ट), आजमगढ़ (निकट एयरपोर्ट), कानपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र व सहारनपुर जिले के देवबंद में एटीएस का कमांडो ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किया जाएगा।
विस्तार
प्रदेश में आतंकी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए देवबंद समेत 12 जगहों पर एटीएस की नई इकाईयां स्थापित की जाएंगी। इसके लिए 10 जिलों में जमीन का आवंटन हो गया है। जबकि दो जिलों में जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है। हर इकाई में डेढ़ से दो दर्जन कमांडों की तैनाती की जाएगी।
उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एटीएस को और मजबूत करने के लिए प्रस्ताव मांगा है। एटीएस को जल्द ही और अत्याधुनिक संसाधनों से लैस किया जाएगा। साथ ही समुचित मानव संसाधन भी मुहैया कराया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि अवध क्षेत्र में श्रीवस्ती व बहराइच और मेरठ, अलीगढ़, ग्रेटर नोएडा (जेवर एयरपोर्ट), आजमगढ़ (निकट एयरपोर्ट), कानपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र व सहारनपुर जिले के देवबंद में एटीएस का कमांडो ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित जिलों में भूमि आवंटित कर दी गई। जल्द ही भवनों के निर्माण की कार्यवाही शुरू होगी।
इसके अलावा वाराणसी और झांसी में एटीएस इकाई की स्थापना के लिए जल्द भूमि आवंटन की उम्मीद है। जबकि एटीएस को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए भारत-नेपाल सीमा पर बहराइच और श्रावस्ती में स्थापित एटीएस की नई फील्ड यूनिट काम कर रही है।
स्पॉट की पांच टीमें और स्नाइपर की चार टोलियां तैयार
एनएसजी की तरह खतरनाक ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए प्रदेश में एटीएस के विशेष पुलिस संचालन दल (स्पॉट) का गठन वर्ष 2017 में किया गया था। बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी के विशेषज्ञों द्वारा स्पॉट कर्मियों को प्रशिक्षण दिलाया जाता है। वर्तमान में स्पॉट की पांच टीमें तैयार हैं और दो टीमें प्रशिक्षण ले रही हैं। वहीं दो अन्य टीमों के लिे कार्यवाही चल रही है। इसके लिए अलावा यूपी पुलिस की पहली स्नाइपर टीम की चार टोलियां भी तैयार की गई है, जिसे एनएसजी ने प्रशिक्षित किया है।