अधिवक्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में बुधवार को अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत जिलाधिकारी के खिलाफ विरोध जताया। अधिवक्ताओं ने सुबह डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सभागार में बैठक की। इसमें संघर्ष समिति के अध्यक्ष कृपाशंकर मिश्रा ने जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार पर वरिष्ठ अधिवक्ता श्याम सुंदर शुक्ला के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। बैठक में इस मामले को लेकर 19 मई को भी अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
बैठक में बार कौंसिल आफ उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन व वर्तमान सदस्य अरुण कुमार त्रिपाठी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की तरफ से दिए गए पत्रक को वह बार कौंसिल आफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष व सदस्यों के समक्ष रखेंगे। इस प्रकरण में पूरे प्रदेश के अधिवक्ता एक दिन के लिए न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। उन्होंने जिलाधिकारी के स्थानांतरण के लिए दबाव बनाने का भरोसा भी दिया। विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने कहा कि इस प्रकरण को पूरी गंभीरता से सदन में रखेंगे। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी मिर्जापुर के निलंबन की मांग भी उठाएंगे। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष जटाधर द्विवेदी और संचालन सचिव रामसागर सरोज ने किया। बैठक में संघर्ष समिति के अध्यक्ष कृपाशंकर मिश्र, गंगा प्रसाद यादव, कृष्ण मोहन त्रिपाठी, बैकुंठ नाथ त्रिपाठी, अशोक सिंह, रुद्र प्रकाश गिरी, पंकज श्रीवास्तव, ओम नारायण मिश्रा, रतन मिश्रा, योगेश द्विवेदी, तहसील बार के अध्यक्ष लाल बहादुर गौतम आदि मौजूद रहे।