{"_id":"5bec71fbbdec2269317c9e7a","slug":"151542222331-mirzapur-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"उदित सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर सुख-समृद्घि की कामना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
उदित सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर सुख-समृद्घि की कामना
Updated Thu, 15 Nov 2018 01:47 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मिर्जापुर। छठ महापर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिया गया और इस उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिनों तक चलने वाले लोक आस्था के महापर्व का समापन हो गया। पूजन के दौरान घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। गंगा घाटों पर छठ व्रतियों का ब्रम्ह मुहूर्त में भोर के तीन बजे के बाद से ही पहुंचना शुरु हो गया था। गंगा घाटों पहुंची व्रती महिलाओं संग पुरुषों ने उदित सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर संतान प्राप्ति सहित समस्त सुख-समृद्घि व ऐश्वर्य की कामना की। सूर्य उपासना के महापर्व डाला छठ व्रत का आरंभ पहले दिन नहाय खाय से हुआ था। दूसरे दिन खरना मनाया गया, वहीं तीसरे दिन मंगलवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर मंगलकामना की गई। चौथे और अंतिम दिन व्रती महिलाओं व पुुरुषों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर सूर्य उपासना के महापर्व का समापन किया। बुधवार को भोर में सूर्य उदय के पूूर्व ही नगर के बरियाघाट सहित विंध्याचल के कच्चा व पक्काघाट व्रतियों से पट गए थे। भोर में ही व्रती महिलाओं व पुरुषों ने गंगा के पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य के उदय होने का इंतजार करते रहे। सूर्य के उदय होते ही व्रतधारियों ने सूप व बांस की डलिया में विभिन्न प्रकार के मौसमी फलों व गन्ना सहित पूजन सामग्री के साथ गंगा में खड़े होकर गाय के दूध व गंगा जल से उदयाचल सूर्यदेव को अर्घ्य देकर मंगलकामना की। पूजन के उपरांत व्रती महिलाओं ने छठी मईया से प्रार्थना किया कि उनके घर-परिवार में सदा खुशहाली व समृद्घि बनी रहे। पूजन के पूर्व महिलाओं ने गंगा के तट पर मंगलगीत भी गाया, जिससे पूरा गंगा घाट परिसर भक्तिमय हो रहा था। गंगा तटों की रंग-बिरंगे प्रकाश व गुब्बारों से की गई सजावट की छटा देखते ही बन रही थी। पालिका प्रशासन की तरफ से गंगा में बैरिकेडिंग सहित साफ-सफाई के बेहतर इंतजाम रहे, जिससे आस्थावानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। गंगा घाटों पर उमड़ी आस्थावानों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा-व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे।
विज्ञापन