मुजफ्फरनगर: पीआरवी वैन के बोनट पर बैठकर युवकों ने ली फोटो, पुलिस ने तीनों को किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में तीन युवकों को पुलिस की पीवीआर वैन के बोनट पर बैठकर फोटो खिंचवाना महंगा पड़ गया। पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानें क्या था पूरा मामला
शहर के मदीना चौक पर खड़ी पीआरवी-2203 के बोनट पर बैठकर फोटो खिंचवाने पर तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। तीनों युवकों के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को चिह्नित किया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुरा निवासी महिला ने शनिवार सुबह करीब दस बजे डायल-112 पर कॉल कर पति व जेठ पर मारपीट का आरोप लगाया। इस पर डायल-112 की पीआरवी-2203 मौके पर पहुंची, जिस पर चालक व आरक्षी ड्यूटीरत थे। ऐसे में दोनों पुलिसकर्मी गाड़ी मदीना चौक पर खड़ी कर शिकायतकर्ता महिला के घर चले गए।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर: कवाल कांड से चर्चा में आए मुस्लिम धर्मगरू मौलाना नजीर अहमद कासमी का निधन, जनाजे में उमड़ा जनसैलाब
इसी दौरान तीन युवक मदीना चौक पहुंचे और वहां खड़ी पीआरवी-2203 के बोनट पर बैठकर फोटो खिंचवाने शुरू कर दिए। रविवार को तीनों युवकों के पीआरवी गाड़ी के बोनट पर बैठकर खिंचवाए गए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए तीनों युवकों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए।
इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि तीनों युवकों की पहचान सरफराज पुत्र शहजाद, मुस्तकीम पुत्र सलीम व मुसैद पुत्र जर्राल सभी निवासीगण हाजीपुरा के रूप में हुई, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/