योगी 'राज' में बदमाशों की शामत, आधे घंटे चली मुठभेड़ में 3 इनामी दबोचे, एक को लगी गोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आए दिन हो रहे एनकाउंटर को देखकर तो ऐसा लगता है जैसे उत्तर प्रदेश में योगी 'राज' के चलते बदमाशों की शामत आ गई हों। जी हां, जहां शामली में बुधवार को तीन मुठभेड़ों में 20 हजार के इनामी सहित आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया गया था। तो वहीं बृहस्पतिवार को बागपत में भी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में तीन 15-15 हजार के इनामी बदमाशों को दबोचा गया है।
किसान की हत्या के मामले में पैरवी कर रही महिला की हत्या करने जा रहे बदमाशों की सूचना पर स्वाट टीम और बिनौली पुलिस ने घेराबंदी की तो कार में सवार बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। आधे घंटे तक हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को पकड़ लिया। एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। जबकि एक बदमाश मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को बिनौली सीएचसी से मेरठ भेजा गया। इसके दोनों पैरों में गोली लगी है। पकड़े गए बदमाश 15-15 हजार के इनामी हैं। पुलिस फरार बदमाश को भी पकड़ने का प्रयास कर रही है।
बिनौली पुलिस और स्वाट टीम को सूचना मिली की कि एक कार में कुछ बदमाश धनौरा सिल्वरनगर में किसी की हत्या करने जा रहे हैं। इस सूचना पर उन्होंने बिजवाड़ा-पुट्ठी मार्ग पर घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी तो एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और एक गन्ने के खेत में घुस गए। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। मुठभेड़ की सूचना सीओ बागपत संजीव सुमन, बड़ौत, दोघट, सिंघावली अहीर, बालैनी, चांदीनगर सहित अन्य थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और गन्ने के खेत को चारों तरफ से घेर लिया। तभी एक बदमाश के पैरों में गोलियां लगी तो बदमाश खेत से बाहर निकला। पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। जबकि एक बदमाश भाग गया।
बता दें कि घायल बदमाश दीपक पुत्र राजेंद्र निवासी डायमपुर का है। जबकि उसके पकड़े गए साथी रमन राठी पुत्र वेदपाल तलहेड़ा भोपा मुजफ्फरनगर और विक्रांत पुत्र अनिल लक्ष्मण विहार मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। फरार हुआ बदमाश सुनील पुत्र थान चंद धनौरा सिल्वरनगर का है। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल बरामद की है। घायल बदमाश दीपक पर बिनौली थाने समेत कंकरखेड़ा में हत्या के कई मुकदमे विचाराधीन है। जबकि पकड़े गए विक्रांत पर मुजफ्फरनगर में धारा 307 के मामले दर्ज है। गिरफ्तार रमन का आपराधिक इतिहास तलाशा जा रहा है। पुलिस ने घायल बदमाश दीपक को सीएचसी बिनौली में भर्ती कराया। वहां से उसे पुलिस कस्टडी में मेरठ के लिए रेफर किया। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी है। सीओ बागपत संजीव सुमन ने बदमाशों से पूछताछ के बाद बताया कि वे धनौरा सिल्वर नगर में देवी सिंह हत्याकांड की पैरवी कर रही सोहनवीरी पत्नी महीपाल की हत्या करने जा रहे थे। बदमाशों से पूछताछ जारी है।
पढ़ें : यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर : जांबाज अफसरों ने चार को मारी गोली, पांच दबोचे
देवी सिंह हत्याकांड के आरोपी हैं गिरफ्तार बदमाश
25 दिसंबर 2016 को धनौरा सिल्वर नगर में किसान देवी सिंह पुत्र इलम सिंह की बदमाशों ने हत्या की। बदमाश उसके शव पर खड़े होकर नाचे थे। इस संबंध में परिवार की महिला सोहनवीरी पत्नी महीपाल ने सुनील पुत्र थान सिंह, थान सिंह पुत्र सभा चंद सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया। इस मामले में प्रकाश में आए बरसाती, आनंद, देव करण, गौरव, मनोज निवासी धनौरा, पवन और अंकित बामनौली, सोनू उर्फ बागी शिवाया, दुष्यंत निवासी जमालपुर, विक्रांत बड़ौत को जेल भेजा। इस मामले में नामजद सुनील, थान सिंह और बाद में प्रकाश में आए दीपक पुत्र राजेंद्र डायमपुर, रमन राठी पुत्र वेदपाल तलहेड़ा भोपा मुजफ्फरनगर, विक्रांत पुत्र अनिल मुजफ्फरनगर फरार चल रहे हैं। इन पर एसपी बागपत ने 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। अब इस हत्या में सुनील और उसका पिता थान चंद फरार है।
मुठभेड़ के बाद फैली दहशत
बिजवाड़ा-पुट्ठी मार्ग पर दिन दहाड़े पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से दहशत फैल गई और गोलियों की आवाजें गूंजती रही। यह मार्ग एक घंटे तक अवरुद्ध रहा। मुठभेड़ की सूचना पर आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ मुठभेड़ स्थल से काफी दूर खड़ी थी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/