थाने से महिला दरोगा का मोबाइल गायब, आरोपी तक ऐसे पहुंची पुलिस, गिरफ्तार
यूपी के मेरठ शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब थानों में भी हाथ साफ करने लगे हैं। एक शातिर चोर ने थाने से महिला दरोगा का मोबाइल उनके टेबल से उड़ा लिया। 25 दिन तक मोबाइल बंद रखा, उसके बाद दूसरा सिम डालकर चलाने लगा। पुलिस ने सर्विलांस से ट्रेस कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
2017 बैच की महिला दरोगा अलका चौधरी कालखंडे नौचंदी थाने में तैनात हैं। तीन मई की दोपहर वह थाने में अपना काम कर रही थीं। उनका मोबाइल फोन टेबल पर रखा था। इसी दौरान एक परिवार अपनी समस्या लेकर उनके पास आया। इस दौरान उनका मोबाइल किसी ने उड़ा दिया। थाने से मोबाइल चोरी होने के बाद हड़कंप मच गया। किरकिरी के डर से पुलिस ने मामले को दबा दिया। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की। लेकिन मोबाइल बंद आने के कारण वह आरोपी को ट्रेस नहीं कर पाए। करीब 25 दिन बाद आरोपी ने मोबाइल में अपना सिम डाल लिया और उस पर प्रेमिका से बात करने लगा। सर्विलांस टीम ने कॉल की तो कॉल आरोपी की मां ने रिसीव की।
वहीं शनिवार देर रात नौचंदी पुलिस ने मेडिकल क्षेत्र के प्रवेश विहार से आरोपी दीपू को गिरफ्तार कर लिया, जिससे मोबाइल फोन बरामद हुआ है। इंस्पेक्टर नौचंदी नीरज सिंह का कहना है कि युवक पहले भी कई मोबाइल चोरी कर चुका है। कोर्ट में पेश कर युवक को जेल भेज दिया गया है।
भीड़ का उठाया फायदा
घटना वाले दिन आरोपी फरियादियों की भीड़ का फायदा उठाकर थाने में आ गया था। सभी अपने काम में लगे थे। इसी बीच उसने मौका पाकर मोबाइल उड़ा लिया।
पसंद आ गया था फोन
महिला दरोगा ने भी आरोपी दीपू से पूछताछ की। इस दौरान युवक ने कहा कि मुझे मोबाइल अच्छा लगा था और वह मोबाइल को स्विच ऑफ करके ले गया, फिर सिम निकालकर घर में कपड़ों में रख दिया।
पुलिस टीम से भिड़े परिजन
सर्विलांस टीम और पुलिस जब सादा कपड़ों में युवक को पकड़ने गई, तो उस समय युवक की मां और अन्य परिजनों ने हंगामा कर दिया। सर्विलांस टीम को धमकाया भी। बाद में पता चला कि पुलिस है तो परिजन और पड़ोसी पीछे हट गए।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/