{"_id":"10570c69f5559068de516831908bf902","slug":"winter-in-meerut-hindi-news-1","type":"story","status":"publish","title_hn":"पारा लुढ़का, मेरठ में फौजी और वृद्धा की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पारा लुढ़का, मेरठ में फौजी और वृद्धा की मौत
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
Updated Sun, 20 Dec 2015 01:16 AM IST
विज्ञापन
रुड़की रोड स्थित इंद्रप्रस्थ कालोनी में ठंड लगने से रिटायर फौजी की मौत हो गई। वह कालोनी में चौकीदार की नौकरी करता था। वहीं मवाना में सर्दी के कारण वृद्धा ने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
रुड़की रोड कृष्णानगर कालोनी निवासी तिलकराम (65) इंद्रप्रस्थ कालोनी में चौकीदार था। वह सेना से रिटायर्ड था और कालोनी के गेट पर बने कमरे में रहता था। शुक्रवार रात ठंड के चलते उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह करीब 11 बजे तक भी उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो लोगों ने गेट तोड़ दिया। कमरे में तिलकराम मृत अवस्था में पड़ा था।
विज्ञापन
सूचना पर परिजन और पल्लवपुरम एसओ सतेंद्र यादव भी पहुंच गए। तिलकराम की पत्नी रेवती और बेटे अनुज व अरविंद का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव मोर्चरी भेज दिया। एसओ पल्लवपुरम सतेंद्र यादव का कहना था कि ठंड लगने से ही तिलकराम की मौत हुई है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
मवाना में रोडवेज बस स्टैंड के पास खानाबदोशों के कुछ परिवार रहते हैं। गोपाल और भंवरराज ने बताया कि एक सप्ताह पहले एक रिक्शा चालक यहां एक वृद्धा को छोड़ गया था। तब से वह खानाबदोशों के साथ ही रह रही थी। बीती रात ठंड के कारण वृद्धा की मौत हो गई। इसके बाद हिंदू समाज के लोग वृद्धा को हिंदू बताते हुए अंतिम संस्कार करने की बात कहने लगे। जबकि मुसलमान उसे दफनाने पर अड़ गए।
हंगामा होने पर मामले का निपटारा करने पहुंचे सपा नेता इलियास कुरैशी ने छानबीन कराई। महिलाओं को वृद्धा के कपड़ों से दो फोन नंबर मिले। एक नंबर पर संपर्क किया तो दूसरी तरफ से बिजनौर के बसवाड़ा निवासी नौशाद नाम के युवक ने कहा कि वृद्धा उसकी मां है। जो मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। बाद में बिजनौर से परिजन आए और शव को ले गए। वृद्धा के नाम की जानकारी नहीं हो सकी थी। वहीं एसडीएम ऋतु पूनिया और थाना प्रभारी सुरेंद्र भाटी का कहना था कि उनको इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।