शराब का ठेका खोलने पर बवाल, महिलाओं ने किया हंगामा लगाए नारे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शराब के ठेकों को नई जगह शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रहीं है। रविवार को गंगानगर थाने के नजदीक अंग्रेजी शराब के ठेके को पी पॉकेट में शिफ्ट होने की चर्चा पर कॉलोनी के लोगों ने विरोध कर दिया। बड़ी संख्या में लोग निर्माणाधीन दुकानों पर पहुंचे और हंगामा किया। टीपीनगर में भी ठेका खोले जाने की सूचना पर महिलाओं ने हंगामा किया।
गंगानगर थाने के नजदीक अंग्रेजी शराब की दुकान को पी-पाकेट में शिफ्ट करने के लिए निर्माण कार्य चल रहा है। शराब का ठेका खुलने से पहले कॉलोनी के दर्जनों लोग एकत्र होकर मौके पर पहुंचे। इस दौरान दुकान मालिक का घेराव करते हुए हंगामा किया गया। महिलाओं ने नारेबाजी की। आरोप था कि शराब का ठेका खुलने से बच्चों और महिलाओं को समस्याएं झेलनी पडे़गी। महिलाओं ने किसी भी हालत में दुकान नहीं खुलने की चेतावनी दी। लोगों ने दुकान का निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस पर बड़ी संख्या में भीड़ थाने जा पहुंची। दुकान मालिक ने कहा कि यहां ठेका शिफ्ट होना था, लेकिन कॉलोनी के लोगों के विरोध के बाद अब नहीं किया जाएगा। लोगों ने लिखित में यह बात मांगी। पुलिस के सामने दुकान मालिक नवीन गुलाटी पुत्र टेकचंद गुलाटी ने लिखित में ठेका नहीं खोलने का आश्वासन दिया। एसओ मोहम्मद असलम ने भी लोगों को आश्वासन देकर शांत किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित शर्मा, संजय शर्मा, मोनू वशिष्ठ, शैलेंद्र भारद्वाज, पंकज वत्स, भरत शर्मा, आनंद जाटव, राजू शर्मा उमेश, ममता, संगीता, गीता, मुकेश, प्रीति शर्मा, कुसुम, राजेश, योगेश, हिमांशु गोयल, ब्रह्मजीत, कपिल, बबलू, नीटू राठी, उपेंद्र राघव, मयंक, विनोद राणा आदि मौजूद रहे।
टीपीनगर में भी हंगामा, नारेबाजी
टीपीनगर में शराब के ठेके को लेकर दो दिन से हंगामा चल रहा है। रविवार सुबह फिर से महिलाओं ने हंगामा कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया। महिलाओं ने कहा कि किसी भी कीमत पर शराब का ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा। यदि ठेका खुला तो महिलाएं धरना देंगी। उधर, इंस्पेक्टर टीपी नगर सचिन मलिक ने आश्वासन दिया कि ठेका नहीं खुलने दिया जायेगा।
अवैध शराब की बिक्री की शिकायत
पूर्व ग्राम प्रधान जयपाल सिंह के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण रविवार को थाने पहुंचे। आरोप लगाया कि गांव में पिछले कई साल से अवैध शराब बिक रही है। कई बार पुलिस को सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया है। उन्होंने इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल को लिखित में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
यूपी में भी शराब बंद हो
खत्ता रोड व्यापार संघ की बैठक ट्यूबवेल तिराहा हाजी मंजूर मार्केट में हुई। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो भी कदम अब तक उठाए हैं, वह सराहनीय है। ऐसे में मुख्यमंत्री को यूपी में भी बिहार की तर्ज पर शराब बंदी का फैसला लेना चाहिए। बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष मौ. सलीम सिद्दीकी और संचालन महामंत्री मौ. नासिर ने किया। इरफान, हुमेर, महराज, कमरूद्दीन, अखलाक, शौकत अली, इमरान अहमद, हनीफ पहलवान, इमरान कुरैशी आदि मौजूद रहे। उधर, भाजपा नेता मो. आसिफ भारती ने भी मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शराब बंदी की मांग की है। आसिफ भारती ने कहा कि सीएम ने अवैध बूचड़ खाने बंद कराकर सराहनीय कदम उठाया है।