...जब बारातियों पर हो गया हमला, दूल्हे का ऐसा हुआ हाल कि हंसते-हंसते लोटपोट हो जाएंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहारनपुर के पानीपत उझा रोड स्थित नलवा कॉलोनी में बारातियों और स्थानीय लोगों में डीजे आगे बढ़ाने की बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों तरफ से जमकर ईंट और पत्थर चले। झगड़े में सात बारातियों समेत 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बारातियों में यूपी के सहानपुर के गांव पिलखनी का प्रधान भी शामिल हैं। दूल्हे ने घोड़ी से उतरकर एक मकान में छुपकर अपनी जान बचाई। सिर्फ दूल्हे ने ही नहीं बल्कि बारात में आईं महिलाएं भी आसपासस के घरों में छिपती नजर आईं। हंसी की बात तो यह है कि जब दूल्हा बग्गी से उतरकर भागा तो नोटों की माला भी गले से निकल गई और लोग देखकर मजाक बनाने लगे। यहां तक कि गांव की महिलाएं यह कहती भी नजर आईं कि दूल्हे राजा ये क्या हो रहा है। इस बीच दूल्हे की जमकर मजाक बनाई गई।कॉलोनीवासी बारातियों के गलत इशारे करने को झगड़े का कारण बता रहे हैं। इस वजह से नलवा कॉलोनी में बहुत देर तक भगदड़ मची रही। सूचना पर थाना चांदनी बाग पुलिस पहुंच गई। झगड़े के चलते कई घंटे तक शादी का कार्यक्रम रुका रहा। देर रात को फेरे हो सके। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यूपी के सहारनपुर के थाना रामपुर के अंतर्गत गांव पिलखनी से प्रधान बलसिंह अपने चचेरे भाई नीरज की बारात लेकर रविवार 11 बजे के करीब उझा रोड स्थित नलवा कॉलोनी में आया था। बारात में 60-65 लोग थे। यहां नलवा कॉलोनी निवासी बिलेंद्र की लड़की सीमा के साथ नीरज की शादी थी। कॉलोनी में ही बारातियों के ठहरने का प्रबंध था। कॉलोनी से ही डीजे का भी प्रबंध था। रविवार दोपहर एक बजे के करीब बाराती डीजे के आगे झूमते हुए मंडप की तरफ जा रहे थे। लोगों के अनुसार बाराती मंडप से कुछ ही दूरी पर थे कि डीजे आगे बढ़ाने को लेकर बाराती बिगड़ गए। आरोप है कि डीजे वाले ने एक ही स्थान पर डीजे बजाने को कहा। जबकि, बाराती डीजे को आगे बढ़ाने के लिए कह रहे थे। इस बीच कॉलोनी के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। दोपहर दो बजे के करीब युवकों का बारातियों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों तरफ से पत्थर, ईंट और डंडे चलने लगे। स्थानीय युवकों और बारातियों के बीच 15 से 20 मिनट तक संघर्ष चला। स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों को शांत किया।
हमले में दोनों पक्ष के लोग हुए घायल
नलवा कॉलोनी में दोनों पक्षों के हमले में करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। बारातियों की तरफ से सहारानपुर के थाना रामपुर के अंतर्गत गांव पिलखनी के प्रधान (सरपंच) बलसिंह, जूनी, प्रमोद, बृजपाल, ओम सिंह सहित दो अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे वधु सीमा के मामा का लड़का अनुज निवासी थाना खेखड़ा के अंतर्गत गांव खेड़ा बसी (बागपत) का भी सिर फट गया। घायलों में प्रमोद, बृजपाल और अनुज की हालत गंभीर है। घायल बारातियों का आरोप है कि स्थानीय लोगों ने बिना वजह उन पर हमला बोला है। स्थानीय लोगों में नलवा कॉलोनी निवासी सुरेश और उसकी पत्नी ओमबीरी, बेटा अरुण, सचिन सहित तीन अन्य को गंभीर चोट लगी है। इनका आरोप है कि पहले बारातियों ने गलत हरकतें शुरू की थीं। इसका विरोध किया तो उन्होंने गली में पड़ीं ईंटे और पत्थर से हमला कर दिया। संघर्ष में गली से गुजर रहा श्रमिक अखलाख भी चोटिल हो गया।
दूल्हे ने घर में घुसकर बचाई जान
नलवा कॉलोनी में बारात पर हुए हमले के दौरान एक ईंट घोड़ी को जा लगी। इससे दूल्हा नीरज घबरा गया और घोड़ी से उतरकर भाग गया। उसने एक मकान में घुसकर अपनी जान बचाई। हमले के दौरान अन्य कालोनी वासी मौके पर पहुंच गए और मकान से दूल्हे को सुरक्षित शादी समारोह तक पहुंचाया।
देरी से पहुंची पुलिस
नलवा कॉलोनी में बारातियों पर हुए हमले के दौरान पुलिस पर भी देरी से पहुंचने के आरोप लगाए है। लड़की के चाचा नरेश और बाराती राजकुमार ने बताया कि उन पर हमला ढाई बजे के करीब हुआ था। उसी समय घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई थी। इसके बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। पीड़ितों का आरोप है कि वह बार-बार कंट्रोल रूम को सूचना देते रहे। करीब साढ़े तीन बजे पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक सभी घायल उपचार कराने के लिए सिविल अस्पताल पहुंच चुके थे।
ऐसा हाल तो पहली बार देखा
यूपी के गांव पिलखनी के प्रधान (सरपंच) बलसिंह ने बताया कि नलवा कॉलोनी में उनके साथ जो हुआ है, उसे देखकर हैरानी हो रही है। नलवा कॉलोनी के कुछ लोगों ने बारातियों की जरा सी भी इज्जत की परवाह नहीं की और उनके ऊपर जमकर लाठी व डंडे भी बरसाए गए। बलसिंह बताते हैं कि उन्होंने जिंदगी में पहली बार ऐसा वाक्या देखा है।
वो पत्थर बरसाते रहे, हम हाथ जोड़ते रहे....
गंभीर रूप से घायल बृजपाल सिंह ने बताया कि बिना किसी बात के ही नलवा कॉलोनी के कुछ लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। युवकों और महिलाओं ने बारातियों का जरा भी लिहाज नहीं किया। सभी लोग उन पर पत्थर और ईंटें बरसाते रहे। वह उनके आगे हाथ जोड़ते रहे। लेकिन, किसी ने उनकी एक न सुनी। बाराती राजकुमार ने बताया कि हमला करने वाले युवकों के आगे उन्होंने हाथ जोड़े, लेकिन किसी ने नहीं सुना। उन्होंने बताया कि कॉलोनी के ही डीजे वाले की वजह से यह विवाद हुआ है।
अतिरिक्त प्रभारी और थाना चांदनी बाग पानीपत बलवान सिंह का कहना है कि नलवा कॉलोनी में हुए विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामले में ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जांच में जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।