वेस्ट यूपी की खास खबरें: मेरठ में निकाह की तैयारी पर हंगामा, 70 करोड़ के विकास कार्य मंजूर; हवा फिर जहरीली
वेस्ट यूपी की प्रमुख खबरें: मेरठ में नेपाली युवती के निकाह की तैयारी पर हंगामा, मुजफ्फरनगर में 70 करोड़ के विकास कार्य मंजूर, हस्तिनापुर में सड़क निर्माण की मांग और प्रदूषण से बढ़ी चिंता।
विस्तार
कंकरखेड़ा के सैनिक विहार ए ब्लॉक में बृहस्पतिवार को नेपाली युवती के निकाह की तैयारी को लेकर हंगामा हो गया। युवती की शादी दूसरे संप्रदाय के युवक से होने की जानकारी मिलने पर कॉलोनी के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन और हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शादी का कार्यक्रम रुकवा दिया। युवती को आशा ज्योति केंद्र भेज दिया गया, जबकि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। युवती ने युवक पर प्रेम जाल में फंसाने का आरोप लगाया है। वहीं, हिंदू संगठनों ने धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कराने की तैयारी का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2. मुजफ्फरनगर: अब महाराणा प्रताप और महर्षि वाल्मीकि के नाम से पहचाने जाएंगे दो चौराहे
दिवाली से पहले नगर पालिका ने शहर में करीब 70 करोड़ रुपये के विकास और निर्माण कार्यों को मंजूरी दी है। शुक्रवार को चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप योगी की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में लगभग 400 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।
बैठक में वहलना चौराहे का नाम महाराणा प्रताप चौक और रेलवे रोड तिराहे का नाम महर्षि वाल्मीकि चौक रखने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। हालांकि, वहलना चौराहे के नामकरण पर वार्ड सभासद सीमा जैन ने आपत्ति दर्ज कराई। इसके अलावा मोतीझील की सफाई के लिए 50 कर्मचारियों को 15 दिन के लिए आउटसोर्स पर रखने और कई वार्डों में सड़क, पार्क व अन्य विकास कार्य कराने के प्रस्ताव भी पास किए गए।
3. हस्तिनापुर: जर्जर मखदूमपुर-नएगांव मार्ग को लेकर भाकियू ने डीएम से की शिकायत, आंदोलन की चेतावनी
मखदूमपुर से नएगांव तक जाने वाले जर्जर संपर्क मार्ग का निर्माण पूरा नहीं होने से खादर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। पिछले दो वर्षों से सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण लोगों को जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है। अब गन्ना आपूर्ति बाधित होने की आशंका भी जताई जा रही है।
इस समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से शिकायत की और लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। भाकियू पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दस दिन के भीतर सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
4. हस्तिनापुर: धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़, सोना-चांदी और बर्तनों की खूब हुई बिक्री
धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को कस्बे के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बाजारों में त्योहार की रौनक देखने को मिली। लोगों ने परंपरा के अनुसार सोना-चांदी, बर्तन, झाड़ू, नमक सहित अन्य घरेलू सामानों की जमकर खरीदारी की।
दुकानों पर ग्राहकों की कतारें लगी रहीं। बाजारों में बढ़ती भीड़ के कारण खरीदारी के साथ ही आवागमन में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धनतेरस पर कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
5. वेस्ट यूपी में फिर छाया स्मॉग, बागपत का एक्यूआई 300 के पार; मेरठ की हवा भी खराब
दिवाली से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर की हवा लगातार खराब होती जा रही है। शुक्रवार सुबह मेरठ, बागपत और मुजफ्फरनगर समेत आसपास के जिलों में स्मॉग की मोटी परत छाई रही। सड़कों और खुले इलाकों में धुंध के साथ प्रदूषण का असर साफ दिखाई दिया।
बागपत का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 300 दर्ज किया गया, जबकि मेरठ में यह 265 और मुजफ्फरनगर में 230 पर पहुंच गया। त्योहार से पहले ही हवा की बिगड़ती गुणवत्ता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दिवाली पर आतिशबाजी के बाद प्रदूषण और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
6. मेरठ: मवाना चीनी मिल में पेराई सत्र शुरू, राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने चेन में गन्ना डालकर किया शुभारंभ
मवाना चीनी मिल में शुक्रवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ नए पेराई सत्र का शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने मिल परिसर में सबसे पहले गन्ना लेकर पहुंचे किसान को सम्मानित किया।
इसके बाद मंत्री और मिल अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना की। चेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र की शुरुआत की गई। इस दौरान मिल के अधिकारी, कर्मचारी और किसान मौजूद रहे।