{"_id":"6b0035d1ef605906b4030308","slug":"west-up-news-ats-detains-youth-in-baraut-imran-masood-questions-siraj-s-exclusion-development-projects-in-k-2026-11-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"वेस्ट यूपी से खास खबरें: बड़ौत में ATS की छापेमारी, सिराज के चयन पर सियासी सवाल, पौने दो कराेड़ के विकास कार्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वेस्ट यूपी से खास खबरें: बड़ौत में ATS की छापेमारी, सिराज के चयन पर सियासी सवाल, पौने दो कराेड़ के विकास कार्य
Fri, 20 Nov 2026 05:28 PM IST
Dimple Sirohi
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
Published by: Dimple Sirohi
Updated Fri, 20 Nov 2026 05:28 PM IST
सार
वेस्ट यूपी की प्रमुख खबरों में बड़ौत में एटीएस की छापेमारी, ओवैसी का सहारनपुर दौरा, सिराज के चयन पर इमरान मसूद का सवाल, मेरठ में धार्मिक आयोजन और बढ़ते प्रदूषण की खबरें शामिल हैं।
विज्ञापन
वेस्ट यूपी से खास खबरें, मेरठ न्यूज बुलेटिन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एटीएस ने बड़ौत के युवक को पकड़ा, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कनेक्शन का शक, पूछताछ जारी
विज्ञापन
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित कनेक्शन के शक में मेरठ एटीएस ने बागपत के बड़ौत में छापा मारा। टीम एक युवक को पकड़कर पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
बड़ौत में हुई इस कार्रवाई के बाद युवक से पूछताछ की जा रही है। एटीएस यह पता लगाने में जुटी है कि उसका पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कोई संपर्क या संबंध है या नहीं। चर्चा है कि शहजाद भट्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिर से अपने नेटवर्क बढ़ा रहा है।
विज्ञापन
सियासत: गठबंधन के बाद पहली बार सहारनपुर आएंगे ओवैसी, चंद्रशेखर के घर पर भोजन, डीएम-कमिश्नर से करेंगे मुलाकात
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी शनिवार को सहारनपुर पहुंचेंगे। गठबंधन के बाद वह पहली बार सांसद चंद्रशेखर आजाद के छुटमलपुर स्थित आवास पर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ओवैसी सबसे पहले सहारनपुर में जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह छुटमलपुर की हरिजन कॉलोनी स्थित गली नंबर-दो में सांसद चंद्रशेखर के आवास पर पहुंचेंगे। यहां दोनों नेता साथ में दोपहर का भोजन करेंगे। गठबंधन के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात होगी। ऐसे में इस दौरे को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विज्ञापन
यूपी: सांसद इमरान मसूद का सिराज के चयन पर सवाल, बोले- अच्छे प्रदर्शन के बावजूद टीम से बाहर रखना भेदभाव
भारतीय टेस्ट टीम की प्लेइंग इलेवन से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखे जाने पर विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए उनके साथ भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टेस्ट मैच में सिराज को टीम में जगह नहीं मिलने पर मसूद ने कहा कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें बाहर रखा गया।
इमरान मसूद ने कहा कि सिराज का नाम 'सिराज' होने की वजह से शायद उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद किसी खिलाड़ी को नहीं चुना जाता है तो यह भेदभाव है। मसूद के इस बयान के बाद सिराज के चयन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
मेरठ: देवप्रबोधिनी एकादशी आज, तुलसी-शालिग्राम विवाह के साथ शुरू होंगे मांगलिक कार्य; 21 को वैष्णव व्रत
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवप्रबोधिनी एकादशी आज मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार, 119 दिन की योगनिद्रा के बाद भगवान श्रीहरि विष्णु को विधि-विधान से जगाया जाएगा। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होगा और विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। शाम को तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह भी कराया जाएगा।
इस बार देवप्रबोधिनी एकादशी की तिथि को लेकर स्मार्त और वैष्णव संप्रदाय की परंपराओं के अनुसार 20 और 21 नवंबर को व्रत की तिथि बताई गई है। 20 नवंबर को स्मार्त संप्रदाय यानी गृहस्थ श्रद्धालु व्रत रखेंगे, जबकि वैष्णव संप्रदाय के श्रद्धालुओं के लिए 21 नवंबर की तिथि निर्धारित की गई है।
मेरठ: खिवाई में पौने दो करोड़ से बनेगा रास्ता, स्टेडियम निर्माण के लिए भी मिली ग्रांट; विधायक ने किया उद्घाटन
मेरठ के सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के कस्बा खिवाई में विकास कार्यों को गति देने की तैयारी है। शुक्रवार को विधायक हाजी गुलाम मोहम्मद ने करीब पौने दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रास्ते का उद्घाटन किया। इस रास्ते के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खिवाई में प्रस्तावित रास्ते का निर्माण भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है। उन्होंने विकास कार्यों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने को प्राथमिकता बताया।
मेरठ: मखदूमपुर गंगा मेले का शुभारंभ, राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने किया उद्घाटन; गंगा पूजन और दीपदान से भक्तिमय हुआ घाट
मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र स्थित मखदूमपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रदेश के राज्यमंत्री दिनेश खटीक समेत जनप्रतिनिधियों ने पांच दिवसीय मेले का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ किया गया। इसके बाद मां गंगा का पूजन, दूध से अभिषेक और आरती की गई। श्रद्धालुओं ने गंगा में दीप प्रवाहित किए, जिससे घाट पर भक्तिमय माहौल बन गया।
मेरठ: दाल मंडी से निकली खाटू श्याम निशान यात्रा, भजनों पर झूमती महिलाओं ने लगाए जय श्याम के जयकारे
मेरठ की दाल मंडी से खाटू श्याम की निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा में महिलाएं हाथों में निशान लेकर भजनों की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ीं। ढोल-नगाड़ों की गूंज, गुलाल और जय श्याम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के प्रति अपनी आस्था और भक्ति प्रकट की।
मेरठ: सुशांत सिटी के जैन मंदिर में विधि-विधान से हुआ धार्मिक अनुष्ठान, श्रद्धालुओं ने लिया भाग
मेरठ के सुशांत सिटी सेक्टर-5 स्थित जैन मंदिर में विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। सुशांत सिटी सहित शहर के कई गणमान्य लोगों ने भी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर अनुष्ठान में भाग लिया।
वेस्ट यूपी में मौसम: मेरठ में बढ़ा प्रदूषण का असर, धूप से दिन में राहत; रात के तापमान में गिरावट से बढ़ी ठंड
मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सुबह और शाम के समय प्रदूषण का असर अधिक दिखाई दे रहा है, जबकि दिन में निकल रही हल्की धूप लोगों को राहत दे रही है। शुक्रवार सुबह मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 190 दर्ज किया गया। वहीं बागपत में 191, गाजियाबाद में 271 और मुजफ्फरनगर में 228 एक्यूआई रहा। चारों जिलों में गाजियाबाद की हवा सबसे अधिक प्रदूषित दर्ज की गई।
सुबह और शाम के समय हवा में प्रदूषण का स्तर अधिक रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन प्रदूषण का असर पूरी तरह कम नहीं हुआ है।
