बदला मौसम: दिन भर गर्मी ने किया परेशान, शाम को बादलों से पटा आसमान, हुई झमाझम बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिन से उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया था। मंगलवार को मौसम बदलने से लोगों ने राहत की सांस ली। मेरठ समेत कई जिलों में रिमझिम बारिश होने से मौसम खुशगवार हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मंगलवार शाम को हुई रिमझिम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। पिछले सप्ताह लगातार बारिश के बाद अचानक तापमान में बढ़ोतरी होने से उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा था। सोमवार को दिन भर चुभन वाली गर्मी से लोग बेहाल रहे। वहीं मंगलवार को सुबह तेज धूप खिली और मौसम साफ रहा। दिन भर जहां उमस ने लोगों को बेहाल किया तो दोपहर को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। दोपहर बाद से आसमान में काले बादल छाए और शाम पांच बजे झमाझम बारिश हुई। बारिश से जहां तापमान में कमी आई वहीं जनता को गर्मी से राहत मिली।
वेस्ट यूपी के कई जिलों में जहां मंगलवार सुबह से ही मौसम में बदलाव नजर आया तो कई जिलों में तेज बारिश हुई। मेरठ में जहां आज सुबह मौसम साफ था तो वहीं मुजफ्फरनगर और शामली में कई स्थानों पर तेज बारिश हुई।
दोपहर बाद से मेरठ में भी मौसम बदल गया और आसमान में बादल छा गए। शाम को शहर के सभी स्थानों पर बारिश हुई। मुजफ्फरनगर के चरथावल में बारिश एक परिवार पर आफत बनकर टूटी। यहां एक शख्स के मकान की छत गिरने से मां-बेटे समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। हालांकि गनीमत यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
बारिश से उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि कई स्थानों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बता दें कि पिछले एक सप्ताह जहां खूब बारिश हुई थी। वहीं दो दिन से तापमान उछलकर 35 डिग्री तक पहुंच गया था। रात का तापमान भी बढ़कर 25 डिग्री हो गया था। मंगलवार शाम को बारिश के बाद मौसम खुशगवार हो गया तो वहीं तापमान भी नीचे आ गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी कुछ दिन मौसम गर्म रहेगा, कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। ऐसे में उमस बढ़ सकती है। उधर, बारिश से हवा का रुख शांत रहा। वहीं, मंगलवार को मेरठ का एक्यूआई स्तर बढ़कर 109 के स्तर पर पहुंच गया।