फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Weather Changes Across West UP, Delhi-Bound Trains Cancelled; Security Tightened in Meerut

वेस्ट यूपी की खास खबरें: मेरठ समेत कई जिलों में मौसम बदला, दिल्ली जाने वाली ट्रेनें रद्द; सुरक्षा अलर्ट

Fri, 09 Oct 2026 04:51 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क्, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क्, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Fri, 09 Oct 2026 04:51 PM IST
सार

पश्चिमी यूपी में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से मौसम बदला, फसलों को नुकसान की आशंका। दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन से पहले कई ट्रेनें रद्द, मेरठ की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ाई गई। खेकड़ा अग्निकांड में झुलसे कपिल की मौत, वहीं सपा मिशन 2027 के लिए बूथ प्रबंधन मजबूत करने की तैयारी में है।

विज्ञापन
Weather Changes Across West UP, Delhi-Bound Trains Cancelled; Security Tightened in Meerut
Meerut बुलेटिन में प्रमुख खबरों पर नज़र, मेरठ समेत आसपास के शहरों के बड़े अपडेट्स - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम से लेकर राजनीति और सुरक्षा तक कई अहम घटनाक्रम सामने आए। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मेरठ, बिजनौर और सहारनपुर में बारिश और ओलावृष्टि हुई। दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विपक्षी दलों के प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं, जबकि मेरठ में सीमाओं पर पुलिस बल तैनात कर चेकिंग बढ़ा दी गई है। उधर, बागपत के खेकड़ा में आग और सिलेंडर विस्फोट की घटना में झुलसे कपिल कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। राजनीतिक मोर्चे पर सपा ने मिशन 2027 के लिए बूथ स्तर पर तैयारियां तेज की हैं, वहीं भाजपा विधायक पंकज सिंह ने कांग्रेस और अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

विज्ञापन




वेस्ट यूपी में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि, फसलों को नुकसान की आशंका
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिला। मेरठ और आसपास के इलाकों में दोपहर करीब दो बजे काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। देहात क्षेत्र में कई जगह ओले पड़ने की सूचना मिली है। बिजनौर के कालागढ़ और अफजलगढ़ में भी कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और ओलावृष्टि हुई, जबकि सहारनपुर में आधी रात के बाद मौसम बदला और सुबह तेज बारिश के साथ ओले पड़े। तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका है।

विज्ञापन
Trending Videos

खेकड़ा अग्निकांड में झुलसे कपिल की मौत, दो घायलों की हालत स्थिर
बागपत के खेकड़ा में विनय जैन के मकान में आग लगने और दो गैस सिलेंडर फटने की घटना में झुलसे कपिल कुमार की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह आग के दौरान दुकान से सामान बाहर निकालने में मदद कर रहे थे, तभी उसकी चपेट में आकर झुलस गए। हादसे में दुकानदार अंकुर जैन और उनके पड़ोसी जाहिद भी घायल हुए थे। दोनों की हालत स्थिर बताई गई है। इस हादसे के दौरान गुरुवार को मां-बेटी की भी मौत हुई थी।

दिल्ली में प्रदर्शन से पहले सुरक्षा बढ़ी, कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विपक्षी दलों के प्रदर्शन को देखते हुए मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिले की सीमाओं पर भारी पुलिस बल और आरआरएफ तैनात किए गए हैं। सिवाया और काशी टोल प्लाजा पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रख रही है।

वहीं, प्रदर्शन के दौरान नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास यातायात बाधित होने की आशंका के चलते रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द करने का निर्णय लिया है। रेलवे की सूचना के मुताबिक, नौ अक्टूबर को दोपहर दो बजे के बाद प्रारंभिक स्टेशन से रवाना होने वाली उन ट्रेनों को रद्द किया गया है, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचना था। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन

मिशन 2027 के लिए सपा की बूथ रणनीति, मतदाता सूची के सत्यापन पर जोर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत समाजवादी पार्टी ने मेरठ में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की योजना बनाई है। पार्टी का जोर मतदाता सूची के सत्यापन, बूथ लेवल एजेंटों की सक्रियता और मतदान के दिन बस्ता प्रबंधन को मजबूत करने पर है। जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी और राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय राठी के मुताबिक, कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रक्रिया के हर चरण में सक्रिय रहने और मतदाता सूची पर नजर रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

चुनाव आयोग पर कांग्रेस के सवालों को लेकर पंकज सिंह का पलटवार
बागपत में भाजपा विधायक ठाकुर पंकज सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव हारने पर चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है। अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर दिए गए बयान पर भी पंकज सिंह ने पलटवार किया और दावा किया कि 2027 में भाजपा फिर सरकार बनाएगी।
 
विज्ञापन

शिव बरात में ‘लव जिहाद’ के खिलाफ डोले पर विवाद
मेरठ छावनी की रामलीला में शिव बरात के दौरान ‘लव जिहाद’ के खिलाफ डोला शामिल करने को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने डोला शामिल नहीं करने की हिदायत दी, जिसके बाद हिंदू संगठनों ने विरोध जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। बालाजी मंदिर के महंत महेंद्र दास ने कहा कि डोले का उद्देश्य परिवारों को जागरूक करना है।

हस्तिनापुर और भावनपुर में सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र में गणेशपुर तिराहे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 30 वर्षीय गोविंद की मौत हो गई। वह फलावदा थाना क्षेत्र के गरहिना गांव के निवासी थे और मवाना की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद उन्हें मवाना सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

वहीं, भावनपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार कविता गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह अपने पति के साथ दवा लेने मेरठ जा रही थीं। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हस्तिनापुर में संविदा सफाईकर्मी की मौत, जांच में जुटी पुलिस
मेरठ के हस्तिनापुर की वाल्मीकि कॉलोनी में 28 वर्षीय संविदा सफाईकर्मी अंकित की मौत हो गई। वह नगर पालिका में संविदा पर काम करते थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed