विकास की बात: मेरठ में आवास विकास की नई टाउनशिप की तैयारियां तेज, जल्द होगी भूमि की खरीद
मेरठ में नई टाउनशिप की तैयारियां तेज हो गई हैं। किसानों से अधिकारी वार्ता कर रहे हैं। जल्द जमीन की खरीद शुरू होगी।
विस्तार
आवास एवं विकास परिषद बीस साल बाद नई टाउनशिप ला रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे और बिजली बंबा बाईपास के बीच दस गांवों की जमीन पर यह टाउनशिप विकसित होगी। करीब 1500 एकड़ भूमि में 2000 करोड़ रुपये से योजना विकसित होगी। अब इसके लिए जमीन अधिग्रहण शुरू होगा। अफसरों के मुताबिक किसानों को जमीन की दोगुनी कीमत दी जाएगी।
जागृति विहार एक्सटेंशन योजना के 20 साल बाद आवास विकास कोई योजना ला रहा है। चंदसारा, जुर्रानपुर, शाकरपुर, बाजौट, जाहिदपुर, ततीना सानी, सलेमपुर, गगोल, नरहेड़ा, ढिकौली गांव की 1500 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी योजना से गांवों का भी विकास होगा। टाउनशिप में 50 फीसदी जमीन पर मकान, प्लॉट, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, स्कूल, अस्पताल आदि होंगे। शेष जमीन पर सीवर, पार्क, हरियाली, सड़क आदि सार्वजनिक प्रयोग की होगी।
टाउनशिप के लिए गांव ततीना सानी की 25.06 हेक्टेयर, शाकरपुर की 12.24 हेक्टेयर, सलेमपुर कीक 132 हेक्टेयर, चंदसारा की 39.93 हेक्टेयर, ढिकोली की 26.87 हेक्टेयर, बाजौट की 13.79 हेक्टेयर, जुर्रानपुर की 84.66 हेक्टेयर, नरहाड़ा की 208.59 हेक्टेयर, बुढेरा जाहिदपुर की 60.77 हेक्टेयर, गंगोल की 2.78 हेक्टेयर, अल्लीपुर जिजमाना की 1.64 हेक्टेयर और फफूंडा की 1.87 हेक्टेयर जमीन की खरीद की जाएगी।
टाउनशिप के लिए मेडा ने खरीदी 110 हेक्टेयर जमीन
मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) की ओर से दिल्ली रोड पर प्रस्तावित नई टाउनशिप भी जल्द ही लांच करने की तैयारी है। मेडा की ओर से 110 हेक्टेयर की जमीन खरीद की जा चुकी है। मेडा के मुख्य नगर नियोजक विजय कुमार सिंह ने बताया कि जमीन खरीद के साथ ही उस पर कब्जा लिया जा रहा है। इसमें हाइरेज बिल्डिंग के साथ ही प्लॉट भी होंगे। यह प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप है। इसके लिए करीब850 करोड़ रुपये की धनराशि मिल चुकी है।