UP: मेरठ आएंगे उपराष्ट्रपति-मुख्यमंत्री योगी,आयुर्वेद महासम्मेलन का करेंगे उद्घाटन, तैयारियों में जुटा प्रशासन
UP News : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल मेरठ आएंगे। वहीं जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन इसकी तैयारियों में जुटा हुआ है।
विस्तार
मेरठ में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षाग्रह में शनिवार से होने वाले तीन दिवसीय आयुर्वेद पर्व (महासम्मेलन) में देशभर के 300 से ज्यादा आयुर्वेदाचार्य जुटेंगे। इसका उद्घाटन करने के लिए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे। पिछले कई दिनों से जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन इसकी तैयारियों में जुटा हुआ है।
आयुर्वेद सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष वैद्य गोपाल दत्त शर्मा ने बताया कि आयुष मंत्रालय की तरफ से देशभर में हर साल पांच आयोजन होते हैं, यह चौथा आयोजन मेरठ में हो रहा है। प्रदेश महामंत्री डॉ. ब्रजभूषण शर्मा ने बताया कि इसमें जिले के आठ कॉलेजों के यूजी और पीजी के 1200 से अधिक छात्र-छात्राएं भी इसमें शामिल होंगे। 13 मार्च को समापन कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल आएंगे। इसमें शामिल होने वाली 50 आयुर्वेदिक कंपनियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
महासम्मेलन में पहले दिन विशिष्ट अतिथि पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेजा रहेंगे, जो आयुष मंत्रालय में सचिव हैं। वैद्य मनोज नेसरी रहेंगे, जो आयुष मंत्रालय में सलाहकार हैं। महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री राजवैद्य देवेंद्र त्रिगुणा रहेंगे, जो पद्मश्री और पद्मभूषण हैं। राजस्थान की आयुर्वेद यूनिवर्सिटी जयपुर के वाइस चांसलर प्रो. प्रदीप प्रजापति, गुजरात आयुर्वेद यूनिवर्सिटी जामनगर के वाइस चांसलर मुकुल पटेल, बीएचयू के प्रो. मनोरंजन साहू भी सम्मेलन में शामिल होंगे। दूसरे दिन रविवार को उद्घाटन आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर प्रसाद दयालु करेंगे।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: लाडली पूर्वी के शव को हाथ में लेकर बिलखते रहे चाचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, ऐसे गई बच्ची की जान
विशिष्ट अतिथि आयुर्वेद यूनिवर्सिटी उत्तराखंड के वाइस चांसलर सुनील जोशी रहेंगे। शाल्य तंत्र विशेषज्ञ प्रो. बीआर त्रिपाठी और यूनानी विशेषज्ञ डॉ. मुनीर अजमत दिल्ली से आएंगे। सोमवार को तीसरे व अंतिम दिन वैज्ञानिक सत्र होगा, जिसमें नादियाद आयुर्वेद विश्वविद्यालय गुजरात के प्रो. एसएन गुप्ता, अखिल भारतीय आयुर्वेद शिक्षण संस्थान के डीन प्रो. महेश व्यास आएंगे। रुड़की से यूनानी विशेषज्ञ डॉ. मति उल्ला आएंगे। शाल्य तंत्र विशेषज्ञ आग से चिकित्सा करेंगे।
सुबह 11 से शाम पांच बजे तक चलेगी निशुल्क ओपीडी
महासम्मेलन के दौरान तीन दिन ओपीडी चलेंगी। सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक वैद्य निशुल्क परामर्श और दवाइयां देंगे। इस दौरान आयुष मंत्रालय की तरफ से औषधीय पौधों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: UP: भाकियू की महापंचायत, टिकैत बोले- एयरपोर्ट और फ्लाइट में भी किया गया पीछा, जानें आखिर क्या है मामला
धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
उपराष्ट्रपति और सूबे के मुख्यमंत्री आयुर्वेद सम्मेलन के अलावा लोहियानगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय भी जाएंगे। वे यहां शहीद धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।