यूपी पुलिस में चयनित युवक की गोली मारकर हत्या, मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बागपत के फैजपुर निनाना गांव में शनिवार रात बदमाशों ने घेर में सोए यूपी पुलिस में चयनित युवक की तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। एसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पर भेजा। मां ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश भी हो सकती है, जांच की जा रही है।
फैजपुर निनाना गांव निवासी संदीप उर्फ पट्टू (28) पुत्र स्व. शौकीन का यूपी पुलिस भर्ती 2015 में चयन हो चुका था। एक जुलाई को उसकी ज्वाइनिंग थी। बाबा अजब सिंह ने बताया कि शनिवार रात वह अपने घेर में छत पर सो रहा था। रात करीब एक बजे के लगभग गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। जब वे घेर में पहुंचे तो संदीप मृत पड़ा था। उसके पीठ में दो गोली व एक गोली सिर में लगी हुई थी। सूचना मिलने पर एसपी जयप्रकाश, एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को मौके से 315 बोर के तीन कारतूस बरामद किए। मृतक की मां सत्यवीरी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुरानी रंजिश और बागपत जेल से जुड़े हो सकते हैं तार
एसपी जयप्रकाश का कहना है कि मृतक के परिवार के लोगों ने बताया है कि पूर्व महिला प्रधान के पति देवेंद्र उर्फ लेड्डा पक्ष के लोगों ने अजब सिंह के परिवार के राजवीर की हत्या कर दी थी। इसमें संदीप ने गवाही दी थी। इस मामले में देवेंद्र उर्फ लेड्डा, प्रमोद, अशोक, तेजपाल व प्रमोद कुमार को आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। पुलिस जांच कर रही है कि कहीं इसी वजह से तो वारदात को अंजाम नहीं दिया गया। एसपी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद जो भी नाम प्रकाश में आएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें : तस्वीरें: डेयरी संचालक की गोलियों से भूनकर हत्या, जमकर पथराव, फोर्स तैनात
बड़ा भाई है सेना में तैनात
बाबा अजब सिंह ने बताया कि संदीप का बड़ा भाई सुधीर आर्मी में हवलदार है और उदयपुर में तैनात है। उसके पिता शौकीन की कई साल पहले मौत हो चुकी है। घर में मां सत्यवीरी व संदीप ही रहते थे। भाई सुधीर अपने बच्चों को अपने साथ ही रखता है। संदीप पिता की मौत के बाद से ही घेर में सोता था।
पहले लाइट काटी, फिर मारी गोली
बदमाशों ने पहले घेर के बाहर लगी स्ट्रीट लाइट के कनेक्शन काट दिए। गली में अंधेरा हो जाने के कारण बदमाश आसानी से पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। बदमाशों ने छत पर सोए संदीप को गोली मार दी। एक गोली लगने के बाद संदीप वहां से नीचे की तरफ भागा और घेर के आंगन में आकर गिर गया। बदमाशों ने यहां उसे दो गोलियां मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
जेल से पत्र भेजकर की थी शिकायत
बाबा अजब सिंह ने बताया कि संदीप का यूपी पुलिस भर्ती 2015 में चयन हो गया था। उसका 19 जून को मेडिकल हुआ, जिसमें वह पास हो गया था। एक जुलाई को उसे ज्वाइनिंग करनी थी। जेल में सजा काट रहे देवेंद्र लेड्डा ने जेल से पत्र भेजकर डीएम को शिकायत की थी कि संदीप फर्जी कागजात तैयार कराकर पुलिस में भर्ती हुआ है। डीएम ने एसपी को जांच कर कार्रवाई के लिए लिखा था। एसपी ने सरूरपुर चौकी इंचार्ज अमन सिंह को जांच सौंपी थी। इस मामले की जांच चल रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/