यूपी: पति की हत्यारोपी पत्नी प्रेमी संग गिरफ्तार, प्यार में कांटा बनने पर उतारा था मौत के घाट
-प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर उतारा था मौत के घाट
-दो मोबाइल फोन भी हुए बरामद, कोर्ट में किया पेश
विस्तार
सहारनपुर के गांव हौजखेड़ी के शीशपाल हत्याकांड के मामले में थाना कुतुबशेर पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। प्रेम-प्रसंग में बाधक बनने पर शीशपाल की गला दबाकर हत्या की गई। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गांव हौजखेड़ी निवासी शीशपाल (30) सोमवार की रात अपने घर में सोया हुआ था। रात डेढ़ बजे उसकी पत्नी पूनम ने परिजनों को जानकारी दी कि शीशपाल अचेत हो गया है।
अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने शीशपाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शीशपाल के भाई ऋषिपाल ने पड़ोस में ही रहने वाले अंकुर और पूनम पर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। तब, अंकुर और पूनम वहां से फरार हो गए थे।
इस मामले में बुधवार को थाना कुतुबशेर पुलिस ने क्षेत्र से ही पूनम और अंकुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि प्रेम-प्रसंग में बाधक बनने पर शीशपाल की गला दबाकर हत्या की है।
रात डेढ़ बजे पूनम ने फोन कर अंकुर को घर बुलाया था। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिसके जरिए पूनम और अंकुर की बात हुई थी।
कैंसर का मरीज था शीशपाल
एसपी सिटी ने बताया शीशपाल कैंसर का मरीज था। पूनम का करीब पांच साल से अंकुर के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अंकुर ने पूछताछ में बताया कि शीशपाल उसे ब्लैकमेल कर अवैध धन की भी मांग करता था, जिससे वह परेेेशान हो गया था।
कई बार हुई पंचायत, शीशपाल के हैं तीन बच्चे
एसपी सिटी ने बताया कि पूनम और अंकुर के बीच रिश्ते को दोनों परिवार के लोग भी जानते थे। इसको लेकर दोनों परिवारों के बीच कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन दोनों ने अपने रिश्ते खत्म नहीं किए। शीशपाल के दो बेटियां और एक बेटा भी है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/