यूपी चुनाव 2022: आज शाम छह बजे थम जाएगा चुनाव प्रचार, अंतिम दिन नेता व प्रत्याशी झोंकेंगे पूरी ताकत
जिले में 71 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। दूसरे चरण में जनपद में 14 फरवरी सोमवार को मतदान होना है। भाजपा का पूरा फोकस सहारनपुर पर है। सीएम, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल जनपद में प्रचार के लिए आएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जनपद में मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदान के लिए जनता रोड स्थित सेंट्रल वेयर हाउस से पोलिंग पार्टियां 13 फरवरी को रवाना होंगी। जिले में 71 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। दूसरे चरण में जनपद में 14 फरवरी सोमवार को मतदान होना है। उप निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉक्टर अर्चना द्विवेदी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान के 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार बंद हो जाता है। इसलिए जनपद में शनिवार को शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा।
पुलिस लाइन में आज मतदान करेंगे छोटी गाड़ियों के ड्राइवर
सहारनपुर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की गाड़ियों पर तैनात ड्राइवर शनिवार को पुलिस लाइन में पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करेंगे। उप निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉक्टर अर्चना द्विवेदी ने बताया कि इसके लिए पुलिस लाइन में बूथ बनाया जाएगा, जबकि बड़ी गाड़ियों के ड्राइवर एवं कंडक्टर 13 फरवरी को पोलिंग पार्टी रवाना होने वाले दिन सेंट्रल वेयरहाउस पर बनाए गए पोलिंग बूथ पर पोस्टल बैलेट के जरिए मतदान करेंगे।
5643 बढ़े मतदाता
मतदान पुनरीक्षण अभियान के बाद से अब तक जनपद में 5643 मतदाता बढ़े हैं। इन्होंने पांच जनवरी तक चले मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बाद आवेदन किया था। अब जनपद में 14 फरवरी को होने वाले मतदान में 2586029 मतदाता भागेदारी करेंगे। इसके अलावा मतदेय स्थलों की संख्या बढ़कर अब 2957 हो गई है। सहायक निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि जनपद की सातों विधानसभा सीटों पर मतदान के लिए 1308 मतदान केंद्र और 2957 मतदेय स्थल बनाए जाएंगे। 1478 मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग कराई जाएगी।
अंतिम दिन झोंकेंगे पूरी ताकत
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शनिवार यानी आज राजनैतिक दल और प्रत्याशी प्रचार में पूरी ताकत झोंकेंगे। भाजपा का पूरा फोकस सहारनपुर पर है। सीएम, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल जनपद में प्रचार के लिए आएंगे। प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी है।
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शनिवार को फिर से सीएम योगी आदित्यनाथ जनपद में आ रहे है। बृहस्पतिवार को भी वो पीएम नरेंद्र मोदी की जनसभा में आए थे। शनिवार को वो मां शाकंभरी देवी की पावन भूमि बेहट में चुनावी सभा को डेढ़ बजे संबोधित करेंगे। इसके बाद वो सवा दो बजे देवबंद विधानसभा के बड़गांव में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी शनिवार को फिर से जनपद में आएंगे। वह पौने चार बजे नकुड़ विधानसभा के सरसावा में भाजपा प्रत्याशी मुकेश चौधरी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और पूर्व केंद्रीय मंत्री बागपत सांसद सत्यपाल सिंह शहर में भाजपा प्रत्याशी राजीव गुंबर के समर्थन में शहर के घंटाघर और मोरगंज में रोड शो निकालेंगे।
खून से पोस्टर पर नारे लिखकर योगी सरकार बनवाने का आहवान
मतदान के नजदीक आते ही चुनाव प्रचार के अलग अलग ढंग दिख रहे हैं। प्रत्याशी के समर्थक अलग-अलग ढंग से प्रचार कर मतदाताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर अपनी पार्टी की जीत सुनिश्चित करना चाह रहे हैं। इसी कड़ी में नानौता में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रघुराज सिंह बॉबी तथा जिला सचिव कुलवंत राणा अपने खून से पोस्टर पर जो खून नहीं खोला वो पानी है, कहो दिल से भाजपा सरकार फिर से, अबकी बार फिर भाजपा सरकार आदि नारे लिखकर लोगों से दोबारा योगी आदित्यनाथ की सरकार बनवाने का आह्वान कर रहे हैं।