{"_id":"5a81ad374f1c1bef7b8b6d18","slug":"up-conflicts-of-relations-with-the-decision-of-the-panchayat-family-hookah-stopped-water","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंचायत का अजब फरमान, बेटी की शादी न होने से मुसीबत में परिवार, हुक्का पानी बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पंचायत का अजब फरमान, बेटी की शादी न होने से मुसीबत में परिवार, हुक्का पानी बंद
यूपी डेस्क, अमर उजाला, बिजनौर
Updated Wed, 14 Feb 2018 11:12 AM IST
विज्ञापन
पंचायत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के बिजनौर में बिरादरी की पंचायत में सुनाया गया हुक्का पानी बंद होने का फैसला एक परिवार के लिए मुसीबत बन गया है। फैसले की बंदिशों के कारण इस परिवार से कोई रिश्ता नहीं रखना चाहता है। यहां तक कि इस व्यक्ति की बेटी की शादी तक नहीं हो पा रही है। गांव का ही मुंबई में व्यापार करने वाला व्यक्ति पंचायत के फैसले के विरोध में आया तो उसे पीटा गया और उसका भी हुक्का पानी बंद कर दिया गया। पीड़ितों ने इस संबंध में एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
किरतपुर के मोहल्ला झंडा निवासी मोहम्मद इमरान ने एसपी प्रभाकर चौधरी से शिकायत की है कि वह 20 वर्षों से मुंबई में रहकर व्यवसाय कर रहा है। जबकि उसके परिजन किरतपुर में रहते हैं। एक साल में दो तीन बार वह परिजनों से मिलने आता है। 24 नवंबर 2017 को वह घर आया था, इस दौरान मोहल्ला कमकरान में बिरादरी की पंचायत बुलाई गई। पंचायत का उनके पास भी न्यौता आया।
विज्ञापन
दरअसल, गांव के एक परिवार का बिरादरी की पंचायत ने किसी विवाद को लेकर पिछले साल से हुक्का पानी बिरादरी बंद कर रखा है। पंचायत के फैसले की बंदिश के कारण उस परिवार की बेटियों की शादी तक नहीं हो पा रही है। बिरादरी में उनका आना जाना भी बंद है। वह परिवार पंचायत में अपना बंद हुक्का पानी खुलवाना चाहता था। एक साल से वह परिवार पंचायत से हुक्का पानी खुलवाने और जुर्माने की 50 हजार रुपये रकम माफ कराने के लिए पंचों के इर्द गिर्द घूम रहा है, लेकिन कोई उनकी मदद नहीं कर रहा है। हुक्का पानी नहीं खुलने से इस परिवार के एक व्यक्ति की दिल का दौरा पड़ने से भी मौत हो चुकी हैं।
विज्ञापन
पढ़ें : घर में घुसकर किशोरी से गैंगरेप, पंचायत ने सुनाया अजब फरमान
पंचायत में परिवार ने हुक्का पानी खुलवाने और जुर्माने की रकम माफ करने की गुहार लगाई। इमरान पंचायत में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा हो गया और हुक्का पानी बंद किए जाने के फैसले का विरोध किया। आरोप है कि पंचायत के मुखिया नौशाद उर्फ गुड्डू, फराज, शहाबुद्दीन ने अन्य लोगों के साथ मिलकर इमरान को जान से मारने की धमकी देकर उसे पीटा और उसका भी बिरादरी ने हुक्का पानी बंद कर दिया। आरोप है कि हुक्का पानी बंद करने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के लोग हैं। इमरान ने इन लोगों से जान माल की सुरक्षा की गुहार भी लगाई गई।
एसपी बिजनौर प्रभाकर चौधरी का कहना है कि महाशिवरात्रि के बाद किरतपुर थाना पुलिस से मामले की तहकीकात कराई जाएगी। इस मामले में जो भी आरोपी होंगे उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/