Meerut: भाकियू की कमिश्नरी पर महापंचायत आज, राकेश टिकैत भी पहुंचे, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पहुंचे किसान
मेरठ में भारतीय किसान यूनियन की ओर से आज कमिश्नरी पर महापंचायत और घेराव करने किसान भारी संख्या में पहुंच चुके हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शामिल हुए। किसानों के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन के मद्देनजर कमिश्नरी चौराहे पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
विस्तार
मेरठ में भारतीय किसान यूनियन की ओर से आज कमिश्नरी पर महापंचायत आयोजित की जा रही है। पंचायत में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचने लगे हैं। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत महापंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। किसान बिजली, खाद, चीनी की बढ़ती कीमतों और गन्ने का भुगतान नहीं होने समेत कई समस्याओं को लेकर अपनी आवाज उठाएंगे।
गांव-गांव बैठक कर किसानों से पहुंचने की अपील
भाकियू के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने सोमवार को भी कई गांवों में बैठकें कीं। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कमिश्नरी पहुंचकर महापंचायत में शामिल होने की अपील की। जिलाध्यक्ष के अनुसार सभी तहसील क्षेत्रों में भी बैठक कर किसानों को पंचायत की जानकारी दी गई है।
यह भी पढ़ें: यादें: खुद गाने तैयार करते, मुझसे प्राॅजेक्ट बनवाते थे अंकित, पत्नी बोली-फिटनेस के लिए छह साल से रोटी तक न खाई
राकेश टिकैत अधिकारियों के सामने रखेंगे किसानों की मांग
कमिश्नरी पर होने वाली पंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत किसानों की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखेंगे। संगठन का कहना है कि बिजली, खाद, चीनी के दाम और गन्ने के भुगतान समेत कई मुद्दों को लेकर किसान परेशान हैं।
21 जुलाई को सौंपा था मांग पत्र
भाकियू की ओर से किसानों की समस्याओं को लेकर 21 जुलाई को अपर मंडलायुक्त अमित कुमार को मांग पत्र सौंपा गया था। संगठन के अनुसार अभी तक इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। अब महापंचायत में सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
मांग पूरी नहीं हुई तो जेल भरो आंदोलन
भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की सभी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जेल भरो आंदोलन शुरू करने की बात कही गई है।
कमिश्नरी चौराहे पर आज रूट डायवर्जन
महापंचायत और प्रदर्शन को देखते हुए कमिश्नरी चौराहे और आसपास के क्षेत्र में मंगलवार को यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। एसपी यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार सुबह 10:30 बजे से शाम छह बजे तक व्यवस्था लागू रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान कमिश्नरी चौराहे से कुटी चौराहे के बीच सामान्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। माल रोड की ओर से आने वाले वाहन कुटी चौराहा होकर मवाना रोड की तरफ भेजे जाएंगे। अन्य मार्गों से आने वाले वाहनों को पुलिस लाइन रोड और मेघदूत पुलिया होते हुए वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।