{"_id":"6aef17751b2a91e50308756b","slug":"up-board-last-chance-for-examinees-to-correct-errors-in-their-records-website-to-remain-open-until-the-12th-meerut-news-c-72-1-mct1014-162396-2026-11-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी बोर्ड : परीक्षार्थियों को रिकॉर्ड की गलतियां सुधारने का आखिरी मौका, 12 तक खुलेगी वेबसाइट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी बोर्ड : परीक्षार्थियों को रिकॉर्ड की गलतियां सुधारने का आखिरी मौका, 12 तक खुलेगी वेबसाइट
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को शैक्षिक विवरणों में गलतियां सुधारने का अंतिम मौका दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इसके लिए वेबसाइट 12 नवंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक खोल दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी कर विद्यार्थियों के रिकॉर्ड का विद्यालयीय अभिलेखों से मिलान कर त्रुटियां दूर कराने को कहा है। ऑनलाइन माध्यम से छात्र-छात्राओं के नाम, माता-पिता के नाम की वर्तनी, विषय और वर्ग, जेंडर, जाति, हिंदी-अंग्रेजी माध्यम तथा फोटो में संशोधन कराया जा सकेगा।
विज्ञापन
इसके अलावा कक्षा 11 के पंजीकरण में दर्ज हाईस्कूल के गलत अनुक्रमांक को भी ठीक किया जा सकेगा। इसके लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर लॉगइन कर संशोधन करना होगा। वहीं, जन्मतिथि में बदलाव, छात्र या माता-पिता के पूरे नाम में संशोधन और विद्यार्थियों का विवरण नियमानुसार डिलीट या रिस्टोर कराने के लिए ऑफलाइन प्रक्रिया अपनानी होगी।
विज्ञापन
इसके लिए प्रवेश आवेदन पत्र, एसआर रजिस्टर, उपस्थिति पंजिका, परीक्षार्थी का पहचान पत्र, कक्षा नौ या 11 के पंजीकरण कार्ड की प्रति और सही प्रविष्टियों से संबंधित शपथ पत्र समेत आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। संबंधित टीसी पर जिला विद्यालय निरीक्षक या जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रति हस्ताक्षर भी जरूरी होंगे।
डीआईओएस जगदीश प्रसाद शुक्ल ने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि ऑफलाइन संशोधन से संबंधित सभी प्रकरण दो प्रतियों में 16 नवंबर की शाम पांच बजे तक कार्यालय में जमा कराएं। साथ ही यह प्रमाणपत्र भी देना होगा कि विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के ऑनलाइन विवरणों की जांच कर त्रुटियां दूर कर दी गई हैं और ऑफलाइन संशोधन वाले प्रकरण कार्यालय में भेज दिए गए हैं। निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित विद्यालय के प्रबंधक और प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे।