ब्लॉक प्रमुख चुनाव: सपा प्रत्याशी के पति का भाजपा पर हमला, बोले- गड़बड़ हुई तो माहौल खराब होगा, जानें कहां से कौन जीता
UP Block Chief Election 2021: सहारनपुर में सपा प्रत्याशी के पति कार्तिकेय राणा ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के लोग अधिकारियों पर दबाव बनाकर पुनः मतगणना करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर गड़बड़ की गई तो ऐसा माहौल हो जाएगा जो ये संभाल भी नहीं पाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिमी यूपी के छह जिलों में आज यानी शनिवार सुबह 11 बजे से तीन बजे तक 28 क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। वहीं सहारनपुर में सपा प्रत्याशी के पति कार्तिकेय राणा ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के लोग अधिकारियों पर दबाव बनाकर पुनः मतगणना करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर गड़बड़ की गई तो ऐसा माहौल हो जाएगा जो ये संभाल भी नहीं पाएंगे। उधर, मुजफ्फरनगर में मतदान के दौरान विपक्ष के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। जानकारी मिलने के बाद नरेश टिकैत मौके पर पहुंचे और इसके बाद मामला शांत हो गया। सभी जिलों में चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे।
मेरठ में कहां से कौन जीता
1. सरूरपुर से भाजपा के बागी मनोज चौहान ब्लॉक प्रमुख बने। उन्हें 65 में से 39 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह को एक भी वोट नहीं मिला। वहीं कविता चौधरी को 22 वोट मिले हैं।
2. जानी ब्लॉक में भाजपा के प्रत्याशी गौरव ने एक वोट से जीत हासिल की है। उन्होंने हरेंद्र सिंह को एक वोट से हराया है। गौरव को 39 वोट मिले, हरेंद्र सिंह को 38 वोट मिले हैं।
3. माछरा क्षेत्र पंचायत में अशोक त्यागी ब्लाक प्रमुख पद पर बिजय हुए।
4. हस्तिनापुर से भाजपा प्रत्याशी नितिन पोसवाल विजय घोषित हुए। उन्हें 59 में से 44 वोट मिले हैं। वहीं सपा प्रत्याशी सचिन गुर्जर को छह वोट मिले, सनी गुर्जर को भी छह वोट मिले, जबकि पूर्व मंत्री मुकेश सिद्धार्थ की पुत्री आरुषि सिद्धार्थ को सिर्फ दो वोट मिले। इसके अलावा एक वोट कैंसिल हो गया।
5. मवाना पंचायत क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा प्रत्याशी गीता पायल चार वोट से विजय हुई हैं।
बागपत में कहां से कौन जीता
1. छपरौली पंचायत क्षेत्र में रालोद समर्थित प्रत्याशी अंशु विजय हुई हैं। उन्हें 44 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी कमलेश देवी को 21 वोट मिले हैं। इसके अलावा पांच वोट निरस्त हो गए।
2. बागपत पंचायत क्षेत्र में निर्दलीय सुनीता जीती हैं। उन्हें कुल 46 वोट मिले, जबकि भाजपा की मीनू को 37 वोट मिले हैं।
3. पिलाना ब्लॉक से अनीश यादव जीते हैं। अनीश यादव लगातार तीसरी बार ब्लॉक प्रमुख बने। उन्होंने अभयवीर यादव को हराया है। अनीश को 42 तो अभयवीर को 39 वोट मिले हैं।
बागपत में शनिवार को बागपत, पिलाना व छपरौली ब्लॉक के प्रमुख पद के लिए मतदान हुआ। बागपत ब्लॉक में निर्दलीय सुनीता ने भाजपा की मीनू को हराया। छपरौली ब्लॉक में रालोद की अंशु ने भाजपा की कमलेश को हराया। पिलाना ब्लॉक में निर्दलीय अनीश यादव लगातार तीसरी बार ब्लॉक प्रमुख बने, उन्होंने निर्दलीय अभयवीर यादव को हराया। वहीं बड़ौत, बिनौली और खेकड़ा में पहले ही भाजपा के तीन प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
बागपत कुल ब्लॉक- 6
निर्विरोध- भाजपा के तीन प्रत्याशी निर्वाचित
रालोद- एक प्रत्याशी निर्वाचित
निर्दलीय- दो प्रत्याशी निर्वाचित
सहारनपुर में कहां से कौन जीता
1. सहारनपुर में नकुड़ पंचायत क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी सुभाष चौधरी को 75 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वन्द्वी मनोज कुमार को सिर्फ 28 मत प्राप्त हुए। भाजपा के सुभाष चौधरी ब्लॉक प्रमुख बन गए हैं।2. नागल पंचायत क्षेत्र से भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजना चौधरी विजयी हुईं।
3. ब्लॉक साढौली कदीम में भाजपा प्रत्याक्षी चौधरी विश्वास को 53 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याक्षी सुमन को 46 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए।
4. सरसावा पंचायत क्षेत्र में भाजपा समर्थित प्रत्याशी ताहिर हसन 70 वोट लेकर विजय हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी सिराज अहमद को 49 वोट मिले। इसके अलावा आठ वोट कैंसिल हो गए और दो बीडीसी मतदान करने नहीं आए।
5. रामपुर मनिहारान में ब्लॉक प्रमुख पद पर भाजपा की गीता रानी ने भाजपा के ही बागी प्रत्याशी डॉ. किरणपाल को सात मतों से शिकस्त देकर अपनी जीत दर्ज की। दो मत निरस्त किए गए, जबकि एक वोट नहीं पड़ी है।
देवबंद में चल रही पुनः मतगणना
सपा प्रत्याशी के पति कार्तिकेय राणा ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के लोग अधिकारियों पर दबाव बनाकर पुनः मतगणना करा रहे हैं, जबकि सपा प्रत्याशी नीतिशा 22 वोट से जीत चुकी हैं। मीडिया के कैमरों पर उन्होंने चेतावनी दी कि अगर गड़बड़ी हुई तो ऐसा माहौल हो जाएगा जो ये संभाल भी नहीं पाएंगे।
बिजनौर में कहां से कौन जीता
1. किरतपुर पंचायत क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अंकित चौधरी 19 वोटों से जीते हुए। अंकित को 53 वोट मिले, दूसरे प्रत्याशी हिमालय को 34 वोट मिले हैं।
2. धामपुर पंचायत क्षेत्र में भाजपा समर्थित प्रत्याशी क्षमा हेमलता चौहान नौ वोटों से जीतीं। हेमलता को 65 और निर्दलीय प्रत्याशी डॉक्टर कुसुम रघुवंशी को 56 वोट मिले, जबकि तीन वोट कैंसिल हो गए।यहां कुल 124 वोट पड़े।
3. अफजलगढ़ पंचायत क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप कुमार उर्फ बबली को 69 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी शैलेंद्र चौहान को 41 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी 28 मतों से जीते हैं, जबकि नौ वोट कैंसिल हो गए।
4. नजीबाबाद से ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्दलीय प्रत्याशी तपराज सिंह जीते हैं। भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख अवधेश कुमार को हार का सामना करना पड़ा।
5. जलीलपुर पंचायत क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जीते। भाजपा प्रत्याशी कुंतेश देवी को 68 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी रीना धारीवाल को 61 वोट मिले हैं।
बिजनौर में 11 में से 10 ब्लॉक पर भाजपा के ब्लॉक प्रमुख बनना तय
शनिवार को पांच सीटों पर हुआ चुनाव हुआ। इनमें से चार पर भाजपा प्रत्याशी जीते हैं। इससे पहले छह प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
शामली में कहां से कौन जीता
1. थानाभवन पंचायत क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी प्रियंका ने जीत दर्ज की।
2. शामली पंचायत क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी ने जीत हासिल की है।
3. कांधला में निर्दलीय प्रत्याशी विनोद मालिक जीते हैं।
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में मतदान के दौरान भाजपा विधायक उमेश मलिक के आते ही विरोधी गुट के समर्थकों ने हंगामा कर दिया था। उन्होंने उमेश मलिक को वहां से भेजने की मांग की। इसी दौरान भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत भी मौके पर पहुंच गए। टिकैत ने एसपी क्राइम को ईमानदारी से चुनाव करवाने के लिए कहा था। वहीं सड़क के एक तरफ भाजपा कार्यकर्ता तो दूसरी ओर विरोधी दलों के नेता व ग्रामीण और भाकियू कार्यकर्ता जमे हुए थे। बीडीसी प्रत्याशी अर्शी ने कहा था कि उसकी वोट छीन कर डाली गई है। इस पर भी जमकर हंगामा हुआ।
मुजफ्फरनगर जिले में पांच क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ है। ब्लॉक खतौली में 12:15 बजे तक 106 बीडीसी सदस्यों ने मतदान किया। उधर, पुरकाजी में 12 बजे तक कुल 38 बीडीसी सदस्यों ने मतदान किया। खंड विकस क्षेत्र पुरकाजी में कुल 77 बीडीसी सदस्य हैं।
बिजनौर में पांच सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ मतदान
बिजनौर जिले में पांच ब्लॉक प्रमुख सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हुआ है। नजीबाबाद, चांदपुर, किरतपुर, अफजलगढ़ और धामपुर में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान ह चुका है। नजीबाबाद को लेकर खास सुरक्षा बरती गई। वहीं धामपुर और चांदपुर को संवेदनशील माना जा रहा था। हालांकि कहीं से किसी तरह के हंगामे की कोई सूचना नहीं आई। वहीं डीएम उमेश मिश्रा और एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे। सुबह 11 बजे मतदान शुरू हो गया था जो दोपहर तीन बजे तक चला।
बता दें कि मुजफ्फरनगर में चार ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध चुने जा चुके हैं। वहीं सहारनपुर में शुक्रवार को पुंवारका ब्लॉक से भाजपा प्रत्याशी मीना राणा के नामांकन वापस लेने के बाद बसपा के मेहरबान आलम सहित पांच ब्लॉक में निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुने गए हैं, यहां आज छह ब्लॉक में मतदान हुआ है। बिजनौर में सदर ब्लॉक से राखी अग्रवाल के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा की तृप्ति राजपूत प्रमुख बनीं हैं। यहां आज पांच ब्लॉक में मतदान हुआ, जबकि छह ब्लॉक में निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
उधर, शामली में ऊन ब्लॉक में विकास कुमार के पर्चा वापस लेने के बाद भाजपा के रामपाल सिंह निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुने गए हैं। यहां आज तीन ब्लॉक में चुनाव हुआ है। वहीं बागपत में तीन ब्लॉक में मतदान हुआ है, जबकि यहां तीन ब्लॉक में निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
जिला पंचायत चुनाव में जीत के बाद भाजपा को ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी अच्छा रिजल्ट मिल रहा है। शुक्रवार को नाम वापसी के बाद पश्चिमी क्षेत्र में 109 सीटों में से भाजपा के 51 प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं। बाकी सीटों पर आज चुनाव के बाद स्थिति साफ होगी।
भारतीय जनता पार्टी पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री एवं पंचायत चुनाव के क्षेत्रीय संयोजक हरीश ठाकुर ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल के नेतृत्व में पार्टी ने ब्लॉक प्रमुख के कुल 109 क्षेत्र में से 96 प्रत्याशियों को समर्थन दिया था। जिसमें शुक्रवार को नामांकन वापसी तक 51 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए है। इनमें गौतमबुद्ध नगर से दो, गाजियाबाद से दो, सहारनपुर से चार, अमरोहा से एक, बागपत से तीन, बिजनौर से सात, बुलंदशहर से आठ, संभल से दो, शामली से दो, रामपुर से चार, मुजफ्फरनगर से चार, मुरादाबाद से तीन, हापुड़ से तीन और मेरठ से छह प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। आज ब्लॉक प्रमुख का चुनाव हो रहा है, इसमें भी बहुत सी सीटों पर भाजपा के की कार्यकर्ता आमने-सामने हैं।
भाजपा का झटका, निर्वाचित प्रमुख बोले, मैं भाकियू कार्यकर्ता
बागपत के बिनौली ब्लॉक से निर्विरोध प्रमुख चुने जाने के बाद कुलदीप तोमर उर्फ चीकू ने भाजपा को झटका दे दिया है। चीकू ने कहा कि उनका भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है। मैं भाकियू कार्यकर्ता हूं।