यूपी: नेशनल शूटर से मारपीट मामले में दो पक्षों में जमकर हंगामा, पुलिस पर लगाया ये आरोप
बागपत के बड़ौत में एक नेशनल शूटर से मारपीट के मामले में आरोपी को जबरन कोतवाली में लाने के विवाद में रविवार को दो पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने शूटर के पिता की तहरीर पर पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दूसरे पक्ष ने भी जबरन कोतवाली लाने की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि नेशनल शूटर दिव्यांशु राणा पुत्र देशेंद्र सिंह राणा दाहा गांव के रहने वाले हैं। उसके पिता पूर्व सैनिक हैं। हाईस्कूल करने के बाद दिव्यांशु एक शूटिंग रेंज पर शूटिंग का अभ्यास करने लगा था।
हाल में उसने हरियाणा नेशनल शूटिंग में गोल्ड और शामली में हुई यूपी स्टेट चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल किया है। 12 जुलाई को तीन-चार युवक उसके साथ मारपीट कर दी थी। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसके बाद शूटर के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी थी।
बताया जाता है कि रविवार को नेशनल शूटर का पिता आरोपी आदित्य उर्फ काला के भाई आर्यन को मारते पीटते जबरन कार में डालकर कोतवाली ले आया। उसके पिता मुकेश उपाध्याय वहां पहुंचे तो दोनों पक्षों में हंगामा शुरू हो गया। लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
पुलिस ने देशेंद्र राणा की तहरीर पर पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इनमें अमर पुत्र जयवीर, विक्रांत उर्फ भगत पुत्र आनंद को गिरफ्तार कर लिया है जबकि आरोपी के पिता मुकेश उपाध्याय ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके बेटे को जबरन गाड़ी में डालकर कोतवाली लाया गया है।
एसएसआई जाहिद हसन का कहना है कि नेशनल शूटर के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुकेश उपाध्याय की तहरीर ले ली गई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।