शामली: किशोरी का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
थानाक्षेत्र के एक गांव में रविवार शाम किशोरी घर से संदिग्ध हालात में गायब हो गई। किशोरी के घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश की, तो ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि उनकी बेटी को गांव का एक युवक अपने साथी के साथ मिलकर जंगल की तरफ लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने रात में पुलिस को बेटी का अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर दी।
अपहरण की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी लेकर किशोरी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक सोमवार को किशोरी जंगल में बेहोशी की हालत में बरामद हुई। परिजनों ने आरोपियों पर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया।
आरोपियों में शामिल एक आरोपी का भाई बदमाश है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार विश्नोई का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है। एएसपी राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरी से दुष्कर्म करने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ कांधला थाने पर मुकदमा दर्ज हुआ है। इनमें एक आरोपी का भाई पहले से जेल में बंद है।