दहेज में बुलेट नहीं मिलने पर पत्नी को दिया तलाक, ससुरालियों ने की हत्या करने की कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मुजफ्फरनगर शहर में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता के साथ मारपीट करते हुए उसकी हत्या करने की कोशिश की। इतना ही नहीं पति ने विवाहिता को तीन बार तलाक बोलकर तलाक भी दे दिया। पीड़ित महिला के पिता का आरोप है कि ससुरालियों ने विवाहिता को चार दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखा। मायके वालों ने पुलिस की मदद से विवाहिता को बंधकमुक्त कराया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल विवाहिता को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता के पिता ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
नगर के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी नसीम ने बताया कि उसने अपनी पुत्री शबीना का निकाह पिछले वर्ष 15 अगस्त 2018 को रतनपुरी के गांव चलसीना निवासी अली साहब पुत्र नसीम से किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज में बुलेट की मांग करने लगे थे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करते रहते थे।
आरोप है कि चार दिन पूर्व दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालवालों ने शबीना को पीटा और उसकी हत्या करने की कोशिश भी की। पति ने गुस्से में पत्नी शबीना को तीन बार तलाक बोलकर तलाक दे दिया। इतना ही नहीं ससुरालवालों ने शबीना को मारपीट कर कमरे में बंधक बनाया।
विवाहिता के पिता ने बताया कि बुधवार की रात करीब तीन बजे शबीना ने सोते समय अपने पति के मोबाइल फोन से अपनी मौसी को फोन किया। शबीना ने अपनी पीड़ा को मौसी को बताया। गुरुवार की सुबह मौसी उनके घर पर पहुंची। मायके के लोग एकत्र होकर रतनपुरी थाने में पहुंचे। मायके वाले थाने से पुलिस बल को साथ लेकर चलसीना में पहुंचे और ससुरालवालों के घर से शबीना को बंधकमुक्त कराया। पुलिस ने मारपीट करने में घायल शबीना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पीड़िता के पिता नसीम ने रतनपुरी पुलिस को पति, सास, ससुर सहित पांच ससुरालवालों के विरुद्ध नामजद तहरीर दे दी है। पुलिस ने जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।
पीड़िता को इंसाफ मिलेगा : जैन
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र जैन पीड़िता शबीना की स्वास्थ्य की जानकारी लेने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे। उन्होंने पीड़िता और उसके परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद थाना रतनपुरी के इंस्पेक्टर से फोन पर बातचीत करते हुए आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के लिए भी कहा। उन्होंने पीड़ित परिजनों को आश्वस्त किया कि पीड़िता शबीना को इंसाफ जरूर मिलेगा। आरोपियों को गिरफ्तार कराकर उनको जेल भिजवाया जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/