तीन तलाक का विरोध किया तो... पत्नी पर धारदार हथियार से हमला
मायके में रह रही पत्नी को उसके पति ने कागज के टुकड़े पर तीन तलाक लिखकर थमा दिया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश को ताक पर रखकर पति की इस हरकत का पत्नी ने विरोध किया तो उसने मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
सहारनपुर में गंगोह कोतवाली के गांव धलापड़ा निवासी वहीद की बेटी की शादी कैराना निवासी एक युवक के साथ चार वर्ष पूर्व हुई थी। आरोप है कि कुछ दिन तो सब सही चला, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष के लोग बाइक और एक लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने उसकी बेटी का उत्पीड़न किया जाने लगा। इससे तंग आकर वह अपने मायके में आ गई। बुधवार दोपहर के समय वह घर में अकेली थी। तभी उसका पति और सास-ससुर समेत छह लोग घर में घुस आए।
उसके पति ने गाली गलौच करते हुए उसके ऊपर तीन तलाक लिखा कागज का टुकड़ा फेंक दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो सभी ने धारदार हत्यारों से उस पर हमला बोल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़िता ने पति समेत छह लोगों को नामजद करते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नही है यदि तहरीर आती है तो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/