मेरठ। स्टैग इंटरनेशनल के निदेशक विवेक कोहली ने कहा कि खेलों में कॅरिअर बनाने का अच्छा अवसर मिलता है। अधिक से अधिक युवाओं को खेलों में भाग लेना चाहिए और आगे आना चाहिए, यह बातें उन्होंने आईटीआई साकेत क्रिकेट मैदान में आयोजित खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में कहीं।
बृहस्पतिवार को मैदान में 13वें हेमा कोहली मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले व विभिन्न खेलों शूटिंग, हॉकी, फुटबॉल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। आईटीआई व ऋषभ क्रिकेट एकेडमी के 43 क्रिकेटरों बैटिंग पेड, 12 को थाई पेड व अन्य को ग्लब्स व अन्य सामान देकर सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय शूटर निकिता बालियान को भी उनकी उपलिब्धयों के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने अभी दिल्ली में हुए नेशनल खेलों में 10 मीटर एयर पिस्टल में सातवां स्थान प्राप्त किया था। सभी खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि विवेक कोहली व डॉ. नीरज कांबोज ने प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। क्रिकेट का सामान ईएम स्पोर्ट्स के एमडी नवनीत सरीन की ओर से दिया गया। रजनीश कौशल व अश्वनी कुमार ने मुख्य अतिथि का सम्मान किया। आयोजन सचिव अतहर अली ने बताया कि फुटबाल में उज्जवल प्रधान, हरित कुमार, जसप्रीत, हॉकी में अर्पित, कार्तिक, महिला क्रिकेट में प्रियांशिका सोनी, डोली प्रजापति आदि को सम्मानित किया गया। संवाद