दिवाली की रात खूनी संघर्ष, बरसाई गोलियां, दो की मौत-पांच घायल
बागपत में दीपावली की देर रात दो पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गोलियां चल गई और जमकर पथराव हुआ। गोली लगने से एक पक्ष के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस ने बमुश्किल दोनों पक्षों के लोगों को शांत किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दोघट थाना क्षेत्र के गांव गांगनोली में दीपक शर्मा और सुंदर कश्यप पक्ष के बीच कहासुनी हुई। दीपक पक्ष ने सुंदर के परिवार पर गोलियां चलाई। हमले में सुंदर (45) पुत्र रामकिशन और सत्यपाल (60) पुत्र दरयाव की मौत हो गई। पांच लोग घायल भी हुए है। खास बात यह है कि दोनों पक्ष पड़ोसी है और छह माह पहले भी कहासुनी हुई थी। घायलों के नाम संजीव, राहुल, अजय उर्फ शांति पुत्रगण बाबू और बाबू पुत्र शांति। पीड़ित परिवार की ओर से चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पढ़ें : खूनी संघर्ष: एक की मौत, दरोगा को बनाया बंधक... पूरे शहर की फोर्स तैनात
ये है मामला
पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुराने कुएं को लेकर विवाद हुआ, जबकि दूसरे पक्ष का यह कहना है कि हमारी लड़की के साथ छेड़छा़ड़ की गई और फिर हमारे घर पर हमला किया गया। अब सच क्या है यह तो जांच होने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
वहीं इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और पूरे गांव में पुलिसफोर्स तैनात की गई है। उधर मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/