{"_id":"6aba6e68c49adc854206c1b9","slug":"temporary-sohrabgate-bus-stand-in-lohiyanagar-mired-in-land-dispute-meerut-news-c-14-1-mrt1005-1314688-2026-09-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Meerut News: भूमि विवाद में फंसा लोहियानगर में अस्थायी सोहराबगेट बस अड्डा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Meerut News: भूमि विवाद में फंसा लोहियानगर में अस्थायी सोहराबगेट बस अड्डा
विज्ञापन
विज्ञापन
- किसानों ने मुआवजे को लेकर बस अड्डे का काम भी रुकवाया
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण की लोहियानगर योजना में संचालित किया जाने वाला अस्थायी सोहराबगेट बस अड्डा जमीन के विवाद में फंस गया है। परिवहन निगम ने एमडीए से बस अड्डे के लिए जमीन किराए पर ली और विकास कार्यों पर लाखों रुपये खर्च किए। अब किसानों ने भूमि मुआवजे की मांग को लेकर जहां परिवहन निगम के विकास कार्य रुकवा दिए वहीं मुआवजा न मिलने तक किसी भी कीमत पर बस अड्डा संचालन न करने देने की चेतावनी दी हुई है। किसानों ने अस्थायी बस अड्डे पर आंदोलन का बैनर लगा दिया है।
उप्र सरकार ने गढ़ रोड स्थित सोहराबगेट बस अड्डे को हवाई अड्डे की तर्ज पर बनाने का निर्णय लिया हुआ है। बस अड्डे के भवन बनाने के लिए निजी कंपनी को ठेका दिया हुआ है। यह बस अड्डा पीपीपी मॉडल पर तैयार किया जाएगा। बस अड्डे के तोड़कर इसके स्थान पर नई बिल्डिंग बनाने की तिथि कई बार जारी हो चुकी है, लेकिन अस्थायी सोहराब गेट बस अड्डा संचालित न होने के कारण जमीन खाली नहीं की गई है।
विज्ञापन
कारण है कि परिवहन निगम ने अस्थायी सोहराबगेट बस अड्डे के लिए हापुड़ रोड पर लोहियानगर योजना में एमडीए से जमीन किराए पर ली थी। जिस पर यात्री शेड, टिकट काउंटर, इन्क्वायरी, शौचालय, चारदीवारी और जलापूर्ति आदि विकास कार्य कराए। जिस पर सरकारी खजाने से लाखों का बजट खर्च हुआ। जैसे ही रक्षा बंधन से पहले परिवहन निगम ने लोहिया नगर में अस्थायी बस अड्डे के संचालन की तैयारी की तो किसान मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलन की राह पर आ गए।
विज्ञापन
किसानों ने स्पष्ट कहा कि जब तक मेडा उनको बकाया मुआवजा नहीं देगा जब तक परिवहन निगम को बस अड्डा चलाने नहीं देंगे। किसानों के विरोध के चलते परिवहन निगम के अधिकारी बैकफुट पर चले गए। इस मामले को दो माह बीतने वाले हैं, अभी तक भी मेरठ विकास प्राधिकरण और किसानों के बीच समस्या का समाधान नहीं हुआ है। यही कारण है कि परिवहन निगम ने गढ़ रोड स्थित सोहराब गेट बस अड्डा खाली नहीं किया और नए बस अड्डे का संचालन शुरू नहीं हो पाया है।
- एमडीए की योजना लोहियानगर में अस्थायी सोहराबगेट बस अड्डे का संचालन शुरू होना था। मेडा और किसानों की आपसी लड़ाई है। जिसके कारण किसानों ने बस अड्डे का काम रुकवा दिया था। कई बार मेडा अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो पाया है। मेडा और किसानों के बीच समझौते के प्रयास चल रहे हैं। इसके बाद ही अस्थायी बस अड्डा चालू हो पाएगा। - राजीव कुमार, एआरएम, सोहराब गेट डिपो।